रांची: झारखंड विधानसभा ने गुरुवार को केंद्र सरकार के खान और खनिज (विकास और नियमन) संशोधन कानून, 2026 के खिलाफ सरकारी प्रस्ताव पास किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में यह प्रस्ताव पेश किया. इसमें कहा गया है कि इस कानून के लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है.
प्रस्ताव के मुताबिक, केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को यह संशोधन कानून अधिसूचित किया था. इसके तहत राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिज वाली जमीन पर टैक्स या उपकर लगाने के अधिकार सीमित कर दिए गए हैं. साथ ही, राज्यों के पुराने बकाया दावों को भी अमान्य कर दिया गया है.
प्रस्ताव में कहा गया है कि झारखंड देश के खनिज संपन्न राज्यों में से एक है. खनन वाले इलाकों में रहने वाले आदिवासी, दलित और पिछड़े समुदायों को विस्थापन, जमीन से बेदखली, पर्यावरण को नुकसान और सामाजिक बदलाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में खनन से मिलने वाले राजस्व का एक हिस्सा इन समुदायों के विकास और कल्याण पर खर्च करना जरूरी है.
प्रस्ताव में जुलाई 2024 के सुप्रीम कोर्ट के नौ जजों की संविधान पीठ के फैसले का भी जिक्र किया गया है. इस फैसले में कहा गया था कि राज्यों को खनिज वाली जमीन पर उसके मूल्य या उत्पादन के आधार पर टैक्स और उपकर लगाने का संवैधानिक अधिकार है. इसके बाद झारखंड विधानसभा ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस एक्ट, 2024 बनाया था. इससे राज्य को हर साल करीब 13,000 करोड़ रुपये मिल रहे थे, जिनका इस्तेमाल सामाजिक और आर्थिक विकास की योजनाओं में किया जा रहा था.
विधानसभा के प्रस्ताव में कहा गया है कि केंद्र के नए कानून से खनन प्रभावित इलाकों के विकास के लिए मिलने वाले संसाधन कम हो जाएंगे. इससे आदिवासी, दलित और पिछड़े समुदायों के कल्याण की योजनाएं भी प्रभावित होंगी. इसका असर स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं पर पड़ सकता है.
प्रस्ताव में केंद्र सरकार से MMDR संशोधन कानून, 2026 पर दोबारा विचार करने या इसे वापस लेने की मांग की गई है. इसमें कहा गया है कि राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों को बनाए रखने और खनन से प्रभावित लोगों के विकास के लिए ऐसा करना जरूरी है.