scorecardresearch
Thursday, 26 November, 2026
होमदेशसंविधान सिर्फ सरकार चलाने की किताब नहीं, यह देश की उम्मीदों और आकांक्षाओं को दिखाता है: अमित शाह

संविधान सिर्फ सरकार चलाने की किताब नहीं, यह देश की उम्मीदों और आकांक्षाओं को दिखाता है: अमित शाह

शाह ने कहा कि भारत में कई बार सत्ता बदली, लेकिन इस दौरान खून की एक बूंद भी नहीं बही. सत्ता का बदलाव हमेशा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत हुआ.

Text Size:

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर कहा कि संविधान सिर्फ सरकार चलाने की नियम-पुस्तिका नहीं है, बल्कि यह देश की उम्मीदों, आकांक्षाओं और मूल्यों को दिखाता है. संविधान का सम्मान करना हर भारतीय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

दिल्ली में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम में शाह ने कहा कि आजादी के बाद कई दशकों तक संविधान को केवल सरकार चलाने की किताब की तरह देखा गया. इसकी भावना को युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने पर ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला किया, ताकि संविधान के मूल्यों को स्कूलों, कॉलेजों और आम लोगों तक पहुंचाया जा सके.

शाह ने कहा कि भारत में कई बार सत्ता बदली, लेकिन इस दौरान खून की एक बूंद भी नहीं बही. सत्ता का बदलाव हमेशा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत हुआ. संविधान बनाने वालों ने जनता को यह अधिकार दिया कि वह तय करे कि सत्ता किसे मिलेगी. साथ ही, सत्ता में आने वालों के लिए संविधान के दायरे में रहकर सरकार चलाना जरूरी बनाया.

उन्होंने संविधान की मूल प्रति में बनी तस्वीरों का जिक्र करते हुए लोगों से संसद की लाइब्रेरी में जाकर इन्हें देखने की अपील की. शाह ने कहा कि कलाकार नंदलाल बोस ने संविधान की मूल प्रति में भगवान राम, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी तस्वीरें बनाई हैं. उन्होंने कहा कि इन तस्वीरों से संविधान की भावना और देश की सभ्यतागत विरासत को समझा जा सकता है.

नक्सलवाद का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि बस्तर में उन्होंने ऐसे बुजुर्गों को देखा है, जिनके पास राशन कार्ड नहीं था, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं था और जिनके घरों में बिजली और पीने का पानी तक नहीं था. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद ने लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से दूर रखा. शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाते हुए नक्सलवाद को खत्म किया और 21 करोड़ लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने का काम किया.

गृह मंत्री ने बीजेपी शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई. उन्होंने कहा कि संविधान बनाने वालों ने यूसीसी को राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था. शाह ने कहा कि धर्म चाहे कोई भी हो, हर नागरिक को एक समान कानून के तहत जीने का अधिकार मिलना चाहिए.

उन्होंने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर भी कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि महिलाओं को यह आरक्षण जरूर मिलेगा.

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य लोगों के साथ अमित शाह ने संविधान की प्रस्तावना भी पढ़ी. संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है. इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था.

share & View comments