लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है. इस योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और बिना गारंटी का ऋण दिया जाता है. ऋण वितरण में 75.69 प्रतिशत प्रगति के साथ आजमगढ़ पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है. वहीं, बलिया 63.11 प्रतिशत के साथ दूसरे और रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है.
योजना के तहत शीर्ष पांच जिलों में अमरोहा 49 प्रतिशत के साथ चौथे और जौनपुर 48.90 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है. वाराणसी 47.37 प्रतिशत प्रगति के साथ दसवें स्थान पर है. पूर्वांचल के तीन जिले आजमगढ़, बलिया और जौनपुर शीर्ष पांच जिलों में शामिल हैं.
योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण देने का लक्ष्य रखा है. 25 नवंबर तक योजना के तहत प्रदेश में 2,08,753 आवेदन मिले थे. इनमें से 1,88,611 आवेदन बैंकों को भेजे गए. बैंकों ने 63,215 आवेदन मंजूर किए हैं और 62,671 लाभार्थियों को ऋण दिया जा चुका है.
प्रदेश में तय लक्ष्य के मुकाबले ऋण वितरण की प्रगति 41.78 प्रतिशत है. वहीं, आजमगढ़ में यह आंकड़ा 75.69 प्रतिशत है. योजना का मकसद युवाओं को अपना छोटा उद्योग या कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद देना और उन्हें नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है.