देहरादून: उत्तराखंड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शामिल नैनीताल जिले की भीमताल झील को बचाने और फिर से बेहतर बनाने के लिए स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) ने पहल की है. जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर 20 से 23 नवंबर 2026 तक झील का चार दिवसीय विस्तृत वैज्ञानिक सर्वेक्षण किया गया.
जलागम मंत्री ने कहा कि इस सर्वेक्षण का मकसद झील की मौजूदा गहराई, पानी जमा करने की क्षमता और तल में जमा गाद की सही जानकारी जुटाना है. इसके साथ ही भविष्य में झील को फिर से बेहतर बनाने और उसमें जमा गाद निकालने की संभावनाओं का तकनीकी आकलन भी किया जाएगा.
यह सर्वेक्षण रुड़की की सर्वेक्षण एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के जरिए आधुनिक उपकरणों की मदद से किया गया. सर्वेक्षण के दौरान मोटर बोट पर लगाए गए इकोसाउंडर उपकरण से झील के अलग-अलग हिस्सों की गहराई मापी गई. वहीं, झील के किनारे डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (DGPS) उपकरण लगाया गया. इससे सर्वेक्षण के अलग-अलग बिंदुओं की सही भौगोलिक स्थिति और उनके निर्देशांक दर्ज किए गए.
इस तकनीक की मदद से झील की गहराई और उसके तल की बनावट से जुड़े आंकड़े अधिक सटीक और वैज्ञानिक तरीके से जुटाए गए.
सर्वेक्षण में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर और मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम का इस्तेमाल किया गया. उपकरणों में रियल टाइम काइनेमैटिक (RTK) और कंटीन्यूअसली ऑपरेटिंग रेफरेंस स्टेशन (CORS) के जरिए जरूरी सुधार किए गए. इसके अलावा ट्रांसड्यूसर की लगाने की गहराई, उसकी स्थिति और पानी का स्तर मापा गया. आंकड़ों में गहराई से जुड़ी जरूरी तकनीकी कमियों को भी ठीक किया गया.
सर्वेक्षण के दौरान करीब 10 मीटर की दूरी पर सर्वेक्षण की लाइनें तय की गईं. सर्वेक्षण की सटीकता जांचने के लिए क्रॉस-चेक लाइन और झील की सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया.
इस सर्वेक्षण का सबसे अहम मकसद भीमताल झील की मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक और तकनीकी आकलन करना है. इसके तहत झील की गहराई और ऊंचाई दिखाने वाले नक्शे, अलग-अलग हिस्सों की गहराई के चित्र, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस और साउंडिंग डेटा तैयार किया जाएगा.
इसके अलावा झील के तल में जमा गाद की मोटाई और उसे निकालने की संभावित मात्रा का भी आकलन किया जाएगा. सर्वेक्षण से मिले आंकड़ों के आधार पर 3डी डिजिटल टेरेन मॉडल (DTM), 10 मीटर के अंतर पर सीएडी क्रॉस-सेक्शन, झील की कुल जल भंडारण क्षमता, गाद जमा करने की क्षमता और क्षेत्रफल के हिसाब से पानी जमा करने की क्षमता का चार्ट तैयार किया जाएगा.
इन आंकड़ों से पता चल सकेगा कि फिलहाल झील में कितना पानी जमा किया जा सकता है, उसके किन हिस्सों में सबसे ज्यादा गाद जमा है और वैज्ञानिक तरीके से कितनी गाद निकाली जा सकती है.
भीमताल झील का यह सर्वेक्षण सिर्फ उसकी गहराई मापने तक सीमित नहीं है. इसका मकसद झील की मौजूदा स्थिति और उसमें पानी जमा करने की क्षमता को समझना भी है. सर्वेक्षण से मिले आंकड़ों और विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर झील में जमा गाद, पानी जमा करने की क्षमता और गाद निकालने की व्यावहारिक संभावनाओं का आकलन किया जाएगा.
इस अध्ययन से भविष्य में भीमताल झील को बचाने, उसमें पानी जमा करने की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करने और उसे फिर से बेहतर बनाने से जुड़े कामों की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी.
SARRA की इस पहल के जरिए जल स्रोतों और प्राकृतिक जल निकायों को बचाने और उनका विकास करने के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों को प्राथमिकता दी जा रही है. भीमताल झील का यह अध्ययन उत्तराखंड के महत्वपूर्ण प्राकृतिक जल स्रोतों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और उनका बेहतर प्रबंधन करने की दिशा में एक अहम प्रयास है. इससे स्थानीय लोगों, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है.