scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमरिपोर्टदेव दीपावली: 2,100 ड्रोन से आसमान में दिखीं शिव, गंगा और काशी की आकृतियां, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी

देव दीपावली: 2,100 ड्रोन से आसमान में दिखीं शिव, गंगा और काशी की आकृतियां, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी

काशी के घाटों पर लाखों दीप जलाए गए, चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो हुआ; पहली बार ड्रोन शो में पीएम मोदी और सीएम योगी की तस्वीरें भी दिखाई गईं.

Text Size:

वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देव दीपावली पर काशी में सदियों पुरानी आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिला. गंगा के घाटों पर लाखों दीपों की कतारों ने पूरे शहर को रोशनी से जगमगा दिया. वहीं, आसमान में ड्रोन शो, ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी ने आयोजन को और भव्य बना दिया. पहली बार हुए ड्रोन शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी दिखाई गईं.

एक ओर गंगा किनारे लाखों दीप जलाकर सनातन परंपरा और आस्था का संदेश दिया जा रहा था, तो दूसरी ओर आधुनिक तकनीक के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए अंदाज में दिखाया गया. दीपों की रोशनी, संगीत और तकनीक के इस मेल ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए देव दीपावली को यादगार बना दिया.

देव दीपावली पर पहली बार गंगा पार रेतीले इलाके में 2,100 मेक इन इंडिया ड्रोन के जरिए भव्य शो किया गया. करीब 10 मिनट तक चले इस शो में 3डी एनिमेशन तकनीक की मदद से ड्रोन ने आसमान में 15 अलग-अलग आकृतियां बनाईं. रोशनी के छोटे-छोटे बिंदुओं को आपस में जोड़कर अलग-अलग तस्वीरें और आकृतियां बनाई गईं. हिंदी में वॉयस ओवर के जरिए दर्शकों को इन दृश्यों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी बताया गया.

आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीत के साथ शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर आने के दृश्य दिखाए गए. इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव की आकृतियां भी बनाई गईं. संगीत और रोशनी के तालमेल ने आधुनिक तकनीक के जरिए काशी की आध्यात्मिक विरासत को जीवंत कर दिया.

चेत सिंह घाट पर करीब 25 मिनट का 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया गया. ‘काशी-कथा’ नाम के इस शो में ऑडियो-वीडियो के जरिए काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया. गंगा किनारे बनी ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए इन कहानियों को जीवंत रूप में पेश किया गया. इसे देखकर श्रद्धालु और पर्यटक मंत्रमुग्ध हो गए.

शंख और डमरू की आवाज के साथ शुरू हुए इस शो में एनामॉर्फिक एलईडी दृश्य, संगीत और कहानी सुनाने की प्रस्तुति भी शामिल थी. इसके बाद भगवान गणेश की कहानी, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली से जुड़ी पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को आकर्षक दृश्यों के जरिए दिखाया गया.

भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र और पुष्करिणी कुंड से जुड़ी कहानियों के साथ गंगा को साफ रखने का संदेश भी दिया गया. शो के आखिरी हिस्से में करीब आठ मिनट तक लेजर लाइट का प्रदर्शन हुआ. इससे ऐतिहासिक इमारतें और गंगा का किनारा रोशनी से जगमगा उठा.

ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले इलाके में शिव भजनों की धुन पर ग्रीन आतिशबाजी की गई. आयोजकों के मुताबिक, इसमें पहली बार भारत में 8 इंच के खास आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया गया. करीब 10 मिनट तक चले इस शो में रंग बदलती आकृतियों और अलग-अलग डिजाइनों ने दर्शकों का ध्यान खींचा.

‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे भजनों की धुन पर आतिशबाजी की गई. इसके लिए नौ से दस संगीत ट्रैकों का इस्तेमाल किया गया. आसमान में बनती रंग-बिरंगी आकृतियों ने आयोजन को खास बना दिया.

योगी सरकार की पहल पर ड्रोन, लेजर, संगीत और ग्रीन आतिशबाजी के साथ काशी की पारंपरिक सजावट पर भी खास ध्यान दिया गया. मंदिरों और घाटों पर फसाड लाइटिंग की गई. वहीं, सड़कों पर बिजली के खंभों को तिरंगे रंगों वाली आकर्षक सर्पिल झालरों से सजाया गया.

इस तरह देव दीपावली पर काशी ने अपनी आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक तकनीक और भव्य आयोजनों के साथ दुनिया के सामने पेश किया.

देव दीपावली पर काशी में हुए भव्य आयोजन को देखने के लिए देशभर से पर्यटक पहुंचे. गंगा आरती, लाखों दीपों की रोशनी, लेजर शो, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी ने लोगों को आकर्षित किया. पर्यटकों ने आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि काशी की देव दीपावली अब स्थानीय उत्सव से आगे बढ़कर दुनिया भर के लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है.
आगरा से आईं रंजना कुशवाहा बोलीं- जैसा सुना था, वैसी ही दिव्य है काशी

आगरा से अपने परिवार के साथ काशी पहुंचीं रंजना कुशवाहा ने अस्सी घाट से देव दीपावली का शानदार नजारा देखा. उन्होंने कहा कि काशी के बारे में उन्होंने जैसा सुना था, यहां आकर वैसा ही अनुभव हुआ. योगी सरकार ने देव दीपावली की भव्यता देखने और गंगा आरती का आनंद लेने के लिए अच्छी व्यवस्थाएं की थीं. पूरे परिवार के साथ काशी के इस बड़े उत्सव में शामिल होकर उन्हें बहुत खुशी हुई.

रायबरेली की स्वाति सिंह ने कहा कि गंगा आरती और दीपों की रोशनी के साथ लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और ड्रोन शो ने देव दीपावली के उत्सव को और भी शानदार बना दिया. यहां भारतीय परंपरा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत मेल देखने को मिला. योगी सरकार ने काशी की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक आकर्षणों के साथ पेश करके इस आयोजन को यादगार बना दिया.

हैदराबाद से आईं सुनीता यादव ने देव दीपावली की भव्यता देखकर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि योगी सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की गई थीं. परिवार के साथ मंदिरों में दर्शन करने के बाद उन्होंने गंगा की महाआरती और अलग-अलग शो का आनंद लिया. काशी की आध्यात्मिकता और घाटों की शानदार सजावट ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी.

share & View comments