चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री अपने जर्मनी दौरे के दौरान निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने राज्य की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों को पेश करेंगे. इस दौरान विभिन्न कंपनियों और निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने और औद्योगिक इकाइयां लगाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी के प्रतिष्ठित अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान फ्राउनहोफर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. इस बैठक में हरियाणा में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा होगी. इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे.
प्रस्तावित सेंटर में माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और ऊर्जा भंडारण जैसे आधुनिक और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इससे हरियाणा में अनुसंधान, नए प्रयोग, तकनीकी विकास और उद्योगों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
इसी तरह, 4 और 5 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी की कई प्रमुख कंपनियों, उद्योगपतियों और संभावित निवेशकों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे. इन बैठकों में हरियाणा में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और लंबे समय तक चलने वाली कारोबारी साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी.