scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होममत-विमतभारत की अर्थव्यवस्था अब पहले से मजबूत: तेल संकट और अमेरिकी ब्याज दरें नहीं डाल पाएंगी 2013 जैसा असर

भारत की अर्थव्यवस्था अब पहले से मजबूत: तेल संकट और अमेरिकी ब्याज दरें नहीं डाल पाएंगी 2013 जैसा असर

भारत 2013 में जैसे ही दबाव का सामना कर रहा है, लेकिन ज़्यादा दबाव के साथ. फिर भी, देश अब 'कमज़ोर' नहीं रहा; और इसका श्रेय बेंगलुरु के एक सॉफ़्टवेयर इंजीनियर और दुबई की एक नर्स को जाता है.

Text Size:

28 अगस्त 2013 को भारतीय रुपया एक ही दिन में 3.7 फीसदी गिर गया था और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 68.85 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया था. उस साल गर्मियों में मॉर्गन स्टेनली ने भारत को ब्राजील, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये के साथ “फ्रेजाइल फाइव” यानी पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी में रखा था. इन देशों की अर्थव्यवस्थाएं अपना खर्च चलाने के लिए अस्थिर विदेशी पूंजी पर बहुत ज्यादा निर्भर थीं.

इसकी शुरुआत अमेरिकी फेडरल रिजर्व के एक संकेत से हुई थी. उसने कहा था कि वह बॉन्ड की खरीदारी कम कर सकता है. इसके बाद अमेरिका में 10 साल के सरकारी बॉन्ड पर ब्याज दर करीब 3 फीसदी तक पहुंच गई और निवेशकों ने उभरते बाजारों से अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया. उस समय भारत का चालू खाता घाटा GDP का 4.8 फीसदी था. इसके साथ ही कच्चे तेल के आयात की औसत कीमत करीब 108 डॉलर प्रति बैरल थी. इस वजह से भारत पर इसका असर पड़ने का खतरा ज्यादा था.

तेरह साल बाद ये दोनों स्थितियां पहले से ज्यादा गंभीर रूप में फिर सामने आई हैं. अक्टूबर में भारत के लिए कच्चे तेल की औसत कीमत करीब 120 डॉलर प्रति बैरल रही, जो 14 साल का सबसे ऊंचा स्तर था. हालांकि, इसके बाद कीमतें घटकर 90 डॉलर के शुरुआती स्तर पर आ गई हैं. इस बीच, अमेरिका में महंगाई कम नहीं होने के कारण वहां 10 साल के सरकारी बॉन्ड पर ब्याज दर 5 फीसदी से ऊपर पहुंच गई है.

2013 के हालात को देखते हुए भारत एक बार फिर मुश्किल में पड़ सकता था. लेकिन अब देश को “कमजोर” नहीं कहा जा सकता. इसकी एक बड़ी वजह बेंगलुरु का एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और दुबई में काम करने वाली एक नर्स भी हैं.

वही संकट, लेकिन अब स्थिति अलग

सबसे पहले उस आंकड़े को समझते हैं, जिसने 2013 में भारत पर बड़ा असर डाला था. यह चालू खाता घाटा था. इसका मतलब है कि दुनिया के बाकी देशों से भारत की कमाई और उन पर होने वाले खर्च के बीच का अंतर.

वित्त वर्ष 2012-13 में यह घाटा 88 अरब डॉलर था. 2025-26 तक यह घटकर 25 अरब डॉलर रह गया, जो GDP का करीब 0.6 फीसदी है. अप्रैल से जून 2026 के बीच यह घाटा और घटकर GDP का 0.5 फीसदी रह गया.

ग्राफिक: श्रुति नैथानी | दिप्रिंट

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार भी काफी बढ़ा है. मार्च 2013 के आखिर में यह 292 अरब डॉलर था. इससे करीब सात महीने के आयात का खर्च पूरा किया जा सकता था. मार्च 2026 तक यह बढ़कर 691 अरब डॉलर हो गया. नवंबर के मध्य में यह 705 अरब डॉलर था. यानी यह अब 2013 के स्तर से दोगुने से भी ज्यादा है और इससे नौ महीने से ज्यादा के आयात का खर्च पूरा किया जा सकता है.

जुलाई 2013 में भारत के पास हालात से निपटने के लिए इतनी गुंजाइश नहीं थी. उस दौरान रुपया गिरने पर भारतीय रिजर्व बैंक को उसे संभालने के लिए कम समय के कर्ज पर ब्याज दरें काफी बढ़ानी पड़ी थीं, जबकि अर्थव्यवस्था पहले से ही धीमी हो रही थी.

यह स्थिति उस सिद्धांत का उदाहरण थी, जिसे रॉबर्ट मुंडेल और मार्कस फ्लेमिंग ने 1960 के दशक की शुरुआत में बताया था. इस सिद्धांत के मुताबिक, कोई देश एक साथ अपनी मुद्रा को स्थिर नहीं रख सकता, ब्याज दरों पर नियंत्रण नहीं रख सकता और पूंजी की आवाजाही को पूरी तरह खुला भी नहीं छोड़ सकता.

विदेशी मुद्रा भंडार इस सिद्धांत को खत्म नहीं करता, लेकिन इससे केंद्रीय बैंक को समय और विकल्प मिलते हैं. इससे वह घबराहट में फैसले लेने के बजाय रुपये की गिरावट को संभाल सकता है.

ग्राफिक: श्रुति नैथानी | दिप्रिंट

सॉफ्टवेयर और विदेश से भेजे गए पैसे से तेल का खर्च

भारत का वस्तुओं का व्यापार घाटा बढ़कर 2025-26 में रिकॉर्ड 337 अरब डॉलर हो गया. यह 2012-13 में दर्ज 196 अरब डॉलर के घाटे से काफी ज्यादा है.

हालांकि, इस दौरान कुछ दूसरे क्षेत्रों में बड़े बदलाव हुए हैं. सॉफ्टवेयर और कारोबारी सेवाओं के निर्यात से होने वाली शुद्ध कमाई 65 अरब डॉलर से बढ़कर 217 अरब डॉलर हो गई. इसके अलावा, विदेशों में काम करने वाले भारतीयों की ओर से भेजे गए पैसों से होने वाली शुद्ध कमाई 64 अरब डॉलर से बढ़कर 145 अरब डॉलर हो गई.

2012-13 में पैसों के इन दोनों स्रोतों से होने वाली कमाई वस्तुओं के व्यापार घाटे का करीब दो-तिहाई ही पूरा कर पाती थी. लेकिन 2025-26 तक इनसे होने वाली कमाई ने न सिर्फ पूरा घाटा भर दिया, बल्कि उससे ज्यादा भी रही.

ग्राफिक: श्रुति नैथानी | दिप्रिंट

घरों में रहने वाले लोगों ने भी इसमें योगदान दिया है. अक्टूबर में कच्चे तेल के आयात पर होने वाला खर्च पिछले साल के मुकाबले करीब 8 अरब डॉलर बढ़ गया. लेकिन भारत ने सोने का आयात करीब 9 अरब डॉलर कम किया.

सोने के आयात में इतनी बड़ी गिरावट की एक वजह यह भी है कि अक्टूबर 2025 में त्योहारों के दौरान इसकी खरीदारी काफी बढ़ गई थी. फिर भी, अब भारत के बाहरी खाते को कई क्षेत्रों से मदद मिल रही है. इसमें बेंगलुरु के सॉफ्टवेयर इंजीनियर, दुबई में काम करने वाली नर्सें और कभी-कभी सोने की खरीदारी टालने वाले परिवार भी शामिल हैं.

अब भी क्या गड़बड़ हो सकती है

ऊपर दिए गए आंकड़ों का यह मतलब नहीं है कि भारत को बेफिक्र हो जाना चाहिए. तीन बड़ी चेतावनियां हैं.

पहली, घाटा एक बार फिर बढ़ रहा है. अप्रैल से सितंबर के बीच यह 25.8 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 18 अरब डॉलर था. तेल की ऊंची कीमतों के कारण आयात पर होने वाला खर्च बढ़ गया है.

दूसरी, अब बचा हुआ घाटा मुख्य रूप से व्यापार से जुड़ा नहीं है. अप्रैल से सितंबर के बीच भारत से शुद्ध रूप से 32.4 अरब डॉलर बाहर गए. इसका बड़ा हिस्सा विदेशी निवेशकों और कर्ज देने वालों को ब्याज, लाभांश और मुनाफे के रूप में दिया गया. एक साल पहले इसी अवधि में यह रकम 25.8 अरब डॉलर थी.

यह उस पूंजी की कीमत है, जिसे भारत ने आकर्षित किया है. हर बार जब भारत एक डॉलर का कर्ज लेता है या निवेश हासिल करता है, तो यह खर्च धीरे-धीरे बढ़ता जाता है.

तीसरी, भारत की वित्तीय सुरक्षा का सहारा उतना मजबूत नहीं है, जितना दिखता है. पिछले साल जब विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारत से अपना पैसा निकाला, तो रिजर्व बैंक ने चुपचाप डॉलर खर्च किए.

मार्च के बाद से विदेशी मुद्रा भंडार में कुल बढ़ोतरी की बड़ी वजह भारत के पास मौजूद सोने की कीमत बढ़ना है. सिर्फ 13 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में ही इसमें 14 अरब डॉलर की गिरावट आई. इसकी एक वजह सोने की कीमतों में कमी भी थी. आयात का खर्च पूरा करने के लिए पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार की अवधि मार्च में 10.6 महीने थी, जो अब घटकर करीब 9.4 महीने रह गई है.

अर्थशास्त्री रुडिगर डॉर्नबुश ने चेतावनी दी थी कि संकट आने में उम्मीद से ज्यादा समय लगता है, लेकिन जब वह आता है तो उम्मीद से कहीं ज्यादा तेजी से सामने आता है. भारत ने 2013 में इस चेतावनी का दूसरा हिस्सा अनुभव किया था.

इसके बाद के वर्षों में भारत ने ऐसी अर्थव्यवस्था बनाने पर काम किया, जो विदेशी निवेशकों की मेहरबानी पर निर्भर रहने के बजाय सॉफ्टवेयर, सेवाओं और विदेशों में रहने वाले अपने नागरिकों की कमाई से तेल के आयात का खर्च उठा सके.

अब भारत पर “फ्रेजाइल फाइव” यानी पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं का ठप्पा लागू नहीं होता. लेकिन मजबूती को किसी अंतिम लक्ष्य के बजाय लगातार जारी रहने वाली प्रक्रिया के तौर पर देखना चाहिए.

मिसाल के तौर पर, अमेरिका के साथ व्यापार को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है. 15 नवंबर को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि भारतीय सामानों को अमेरिकी बाजार में प्राथमिकता के आधार पर पहुंच मिलेगी. लेकिन अभी इस पर कोई समझौता हस्ताक्षरित नहीं हुआ है.

अगली चुनौती चाहे तेल की कीमतों में लंबे समय तक उछाल की हो या अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें और सख्त करने की, भारत इससे तभी निपट पाएगा, जब वह अपने मौजूदा वित्तीय सुरक्षा कवच को और मजबूत करता रहेगा.

बिदिशा भट्टाचार्य ‘दिप्रिंट’ की कंसल्टिंग एडिटर (इकोनॉमिक्स) हैं और ‘चिंतन रिसर्च फाउंडेशन’ में एसोसिएट फेलो हैं. वह @Bidishabh पर ट्वीट करती हैं. विचार निजी हैं.

(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: भारत विरोध से आगे बढ़ रहा नेपाल का राष्ट्रवाद, नौकरी-विकास नया एजेंडा


 

share & View comments