पटना: सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व 9 से 16 जनवरी 2027 तक पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर जी में मनाया जाएगा. इस आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई.
इस बार प्रकाश पर्व ‘बिहार है तैयार – जी आयां नू’ थीम पर मनाया जाएगा. बैठक में मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मेहमाननवाजी में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने ज्यादातर बुनियादी और जरूरी व्यवस्थाओं से जुड़े काम 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरे करने को कहा.
कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से 9 और 10 जनवरी 2027 को पटना के ज्ञान भवन में ‘अंतरराष्ट्रीय सिख सम्मेलन’ आयोजित करने का प्रस्ताव है. इसके अलावा 10 जनवरी को गांधी मैदान में ‘सभ्याचार’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.
पर्यटन विभाग की ओर से कंगन घाट से गुरु का बाग तक करीब 20 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी बनाई जाएगी. इसके अलावा 10 हजार श्रद्धालुओं के बैठने के लिए दीवान हॉल तैयार किया जाएगा.
लंगर के लिए हैंगर बनाए जाएंगे. गतका और पारंपरिक खेलों के लिए स्टेडियम की व्यवस्था होगी. बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए बैटरी से चलने वाले वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे. 15 जनवरी को कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन का शो होगा, जबकि 16 जनवरी की सुबह आतिशबाजी की जाएगी. श्रद्धालुओं की मदद के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी तैयार किया जा रहा है.
पथ निर्माण विभाग अशोक राजपथ से कंगन घाट, न्यू बाईपास लिंक रोड और पटना साहिब रेलवे स्टेशन के आसपास की सड़कों की मरम्मत 25 दिसंबर 2026 तक पूरी करेगा.
ऊर्जा विभाग को लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और हरमंदिर गली सहित आसपास की गलियों में लटक रहे बिजली के तारों को हटाने का काम भी 25 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
नगर विकास विभाग और पटना नगर निगम की ओर से कंगन घाट से गुरु का बाग तक स्थायी CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं. श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), चलंत शौचालय, पानी के 57 टैंकर और 10 जल एटीएम लगाए जाएंगे.
शिक्षा विभाग ने श्रद्धालुओं और करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए 62 स्कूलों की पहचान की है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कंगन घाट, बाईपास थाने के पास और गांधी मैदान में बनी टेंट सिटी में अस्थायी अस्पताल तैयार किए जाएंगे. वहीं, पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH), नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) और गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में विशेष वार्ड बनाए जाएंगे.
प्रमुख रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डे और गुरुद्वारों सहित 14 जगहों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी. गृह विभाग यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करेगा. इसके साथ ही 15 नए चेक पोस्ट भी बनाए जाएंगे.
गायघाट से कंगन घाट के बीच कैटामरैन (पानी में चलने वाला यात्री वाहन) चलाने की योजना है. इसके अलावा अमृतसर, चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई से पटना के लिए अतिरिक्त विमान सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया गया है.
देश के अलग-अलग राज्यों से पटना साहिब के लिए विशेष ट्रेनें चलाने के लिए केंद्र सरकार और रेलवे बोर्ड से भी अनुरोध किया गया है. लंगर के लिए सुधा डेयरी दूध, पनीर और घी की पर्याप्त आपूर्ति करेगी.
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अधिकारियों को सभी तैयारियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि टेंडर और खरीद से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बिहार की मेहमाननवाजी का अच्छा अनुभव लेकर लौटें.