लखनऊ/मेरठ: उत्तर प्रदेश में उद्योगों के विकास और विदेशी निवेशकों के बढ़ते भरोसे की दिशा में बुधवार को एक और बड़ी पहल हुई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में दुनिया की बड़ी कंपनी ‘बॉल कॉर्पोरेशन’ की नई फैक्ट्री का शिलान्यास किया.
इस फैक्ट्री में एल्युमिनियम के पेय पदार्थों के डिब्बे (कैन) बनाए जाएंगे. इसे 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित किया जाएगा. शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन की पूरी टीम का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री ‘आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ और ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी.
उत्तर प्रदेश की Growth Story में एक नया अध्याय जोड़ते हुए Ball Beverage Packaging (India) Pvt. Ltd. द्वारा जनपद मेरठ में Aluminium Beverage Can Manufacturing Plant की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में आज लखनऊ से वर्चुअली सहभाग किया।
नि:संदेह, 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की गौरवशाली… pic.twitter.com/FtTr90QePZ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 25, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार बड़े निवेश आ रहे हैं. कुछ ही दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के नए प्लांट का शिलान्यास हुआ था. दो दिन पहले ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को लेकर अच्छी बातचीत हुई. अब मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की फैक्ट्री का शिलान्यास किया गया है. यह उत्तर प्रदेश में दुनिया भर की कंपनियों के बढ़ते भरोसे का सबूत है.
मेरठ में उद्योगों के विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैक्ट्री क्षेत्र के लिए एक बड़ी औद्योगिक इकाई के रूप में काम करेगी. इससे हजारों युवाओं को सीधे और दूसरे तरीकों से रोजगार मिलेगा. इसके अलावा स्थानीय छोटे और मझोले उद्योगों (एमएसएमई), पैकेजिंग का सामान देने वाली कंपनियों, सामान पहुंचाने, परिवहन और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबारियों को भी नए अवसर मिलेंगे.
सीएम योगी ने कहा कि मेरठ खेल के सामान के लिए पहले से ही दुनिया भर में मशहूर है. यहां एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत खेल का सामान बनाया जाता है. मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय भी बनाया जा रहा है. अब खेल और पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ मेरठ आधुनिक और बड़े स्तर पर सामान बनाने वाली वैश्विक कंपनियों का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है.
बॉल कॉर्पोरेशन के मेरठ को चुनने के फैसले को दूरदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर और 25,000 हेक्टेयर में फैले यीडा क्षेत्र के पास होने से मेरठ को फायदा मिलेगा. इसके अलावा जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तक पहुंच भी यहां के लिए फायदेमंद है.
उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से मेरठ को सड़क, रेल और दूसरे साधनों से बेहतर परिवहन की सुविधा मिल रही है. इससे यह क्षेत्र उद्योग, निवेश और सामान की आवाजाही का बड़ा केंद्र बन रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक, जूस, एनर्जी ड्रिंक और तुरंत पीने के लिए तैयार पेय पदार्थों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में मेरठ की जगह बॉल कॉर्पोरेशन के लिए फायदेमंद होगी. कंपनी यहां से अपने ग्राहकों और पेय पदार्थ बनाने वाली इकाइयों के पास रहकर भारत और दुनिया के बाजार में अपना कारोबार बढ़ा सकेगी. इसके साथ ही यीडा क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी के जरिए दुनिया की कंपनियों, उनकी आधुनिक तकनीक और नई उत्पादन क्षमताओं को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए बुलाया जा रहा है.
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और उद्योगों में हुए बदलावों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कभी ‘बीमारू’ कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश का बजट, सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी), प्रति व्यक्ति आय और महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी 2017 के मुकाबले आज तीन गुना हो गई है.
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जिनकी आमदनी खर्च से ज्यादा है. राज्य हर साल 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) कर रहा है. इस मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है. राज्य अब सबसे पिछड़े पांच राज्यों की सूची से निकलकर देश की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है.
औद्योगिक विकास के आंकड़े बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से 2017 तक करीब 70 साल में उत्तर प्रदेश में सिर्फ 14,000 फैक्ट्रियां लग पाई थीं. यानी हर साल औसतन केवल 200 फैक्ट्रियां लगती थीं. अगर इसी रफ्तार से काम होता तो पिछले साढ़े नौ साल में राज्य में केवल 1,700 से 1,800 नई फैक्ट्रियां ही लग पातीं.
लेकिन डबल इंजन सरकार ने कानून-व्यवस्था में सुधार, बेहतर परिवहन सुविधाओं, आधुनिक बुनियादी ढांचे, उद्योगों के लिए जमीन की उपलब्धता और प्रशिक्षित कर्मचारियों की मदद से साढ़े नौ साल में हर साल औसतन 2,200 से अधिक नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित कीं. इस दौरान 21,000 से अधिक नई फैक्ट्रियां लगीं. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में फैक्ट्रियों की कुल संख्या बढ़कर 35,000 से अधिक हो गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र बन चुका है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन में से 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स के 60 प्रतिशत कलपुर्जों का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है. डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरत के हिसाब से कुशल कर्मचारी तैयार किए जा रहे हैं. इसके लिए लाखों आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ 2 लाख से अधिक विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (स्टेम) के स्नातकों को उद्योगों में काम करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ साल में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर काम शुरू हो चुका है. आने वाली इन्वेस्टर्स समिट में 7 लाख 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की तैयारी है.
उन्होंने कहा कि आज राज्य में 1 करोड़ छोटे और मझोले उद्योग (एमएसएमई) और 25,000 से अधिक स्टार्टअप हैं. ये राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. बॉल कॉर्पोरेशन को भी एफडीआई और फॉर्च्यून-500 नीति के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं.
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 36 अलग-अलग क्षेत्रों के लिए नीतियां बनाई गई हैं. इसके अलावा 75,000 एकड़ से अधिक जमीन का बैंक तैयार किया गया है, जहां उद्योग लगाए जा सकते हैं. राज्य में 27 आधुनिक इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) भी हैं. ‘निवेश मित्र’ नाम से सिंगल विंडो पोर्टल शुरू किया गया है, जहां निवेश से जुड़ी जरूरी मंजूरियां एक ही जगह मिल सकती हैं. नियमों को आसान बनाने के मामले में भी उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान हासिल किया है.
उन्होंने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, सीएनएच इंडस्ट्रियल, एचसीएल-फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और अब बॉल कॉर्पोरेशन जैसी दुनिया की बड़ी कंपनियां ‘मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के लक्ष्य को पूरा करने में मदद कर रही हैं. ये कंपनियां उत्तर प्रदेश को एक लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं.
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय छोटे और मझोले उद्योगों से सामान खरीदने की प्रक्रिया बढ़ाने की अपील की. उन्होंने कंपनी से स्थानीय युवाओं को उद्योगों में काम करने के लिए जरूरी प्रशिक्षण देने और अधिकृत रीसाइक्लिंग कंपनियों के साथ मिलकर पर्यावरण के अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया.
मुख्यमंत्री ने कंपनी को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार उसकी परियोजना के शुरू होने से लेकर उसके पूरे होने तक हर कदम पर एक भरोसेमंद सहयोगी के रूप में साथ रहेगी.
इस अवसर पर बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा और शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.