नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 22 सितंबर को बेंगलुरु में उद्योगपतियों और प्रमुख निवेशकों से वन-टू-वन संवाद किया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश IT, सेमीकंडक्टर, टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बन रहा है.
उन्होंने निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि यहां मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, प्राकृतिक संसाधन और उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियां हैं. सरकार निवेशकों को सुरक्षित माहौल, सिंगल विंडो से जल्द मंजूरी और नीतिगत मदद देगी.
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की संभावनाओं की जानकारी भी दी. थोलोन्स ने 210 करोड़ रुपये के निवेश से GCC यूनिट लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा की. असेइक मावेन सिलिकॉन ने 100 करोड़ रुपये के चिप डिजाइन हाउस और कोर-आईसी टेक्नोलॉजीज ने 100 करोड़ रुपये के चिप डिजाइन सर्विसेज में निवेश की बात कही.
सीफंड ने मध्यप्रदेश के स्टार्टअप्स के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की फंडिंग योजना बताई. डेटा सेंटर, स्पेसटेक, मोबिलिटी, सस्टेनेबिलिटी, ड्रोन और रक्षा तकनीक में भी निवेश और विस्तार पर चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर समेत सभी क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और रोजगार बढ़ाने पर ध्यान दे रही है.