जींद (हरियाणा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद में करीब 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे.
प्रधानमंत्री ने हरियाणा में 12,470 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
उन्होंने 9,680 करोड़ रुपये की लागत से बने 157.92 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (पैकेज 1 से 5) को राष्ट्र को समर्पित किया. इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली से कटरा की यात्रा का समय करीब 14 घंटे से घटकर 6 घंटे और दिल्ली से अमृतसर का सफर 8 घंटे से घटकर 4 घंटे रह जाएगा.
इस परियोजना से NH-44 (जीटी रोड) पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा. साथ ही माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और औद्योगिक व लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा.
प्रधानमंत्री ने 33.81 किलोमीटर लंबे अंबाला-काला अंब फोरलेन हाईवे को भी राष्ट्र को समर्पित किया. इससे हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा, पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और उद्योगों की परिवहन लागत कम होगी.
इसके अलावा 40.60 किलोमीटर लंबे जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे का भी उद्घाटन किया गया. इससे जींद और गोहाना के बीच यात्रा का समय करीब 2 घंटे से घटकर 40 मिनट रह जाएगा. साथ ही रोहतक, पानीपत और दिल्ली-एनसीआर से संपर्क बेहतर होगा.
प्रधानमंत्री ने 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला हाईवे के उन्नयन परियोजना का शिलान्यास भी किया.
उन्होंने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक को राष्ट्र को समर्पित किया. इस परियोजना से रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और रेल व सड़क यातायात दोनों अधिक सुचारु होंगे.
पीएम मोदी ने भिवानी के पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज और नारनौल के कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल का भी उद्घाटन किया. इन संस्थानों से मेडिकल शिक्षा का विस्तार होगा, MBBS सीटें बढ़ेंगी और हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी.
इसके अलावा उन्होंने कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम की आधारशिला रखी. इस संग्रहालय में आधुनिक तकनीक के जरिए सिख धर्म का इतिहास, सिख गुरुओं की शिक्षाएं, उनके साहस, बलिदान और भारतीय संस्कृति में सिख समुदाय के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा.