भोपाल/धार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 20 अगस्त को धार जिले के पीथमपुर में एडवांस ऑप्टिकल फाइबर (कोर्सिस) और बैटरी मैन्युफैक्चरिंग (वोल्टर्स) प्लांट का उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री ने इन उद्योगों के शुरू होने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि इन उद्योगों से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा. इससे मध्य प्रदेश के साथ-साथ देश के विकास को भी गति मिलेगी.
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि रोजगार देने वाले दो नए उद्योग शुरू किए गए हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां 30 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा. यहां आधुनिक तकनीक पर आधारित उद्योग स्थापित किए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये डिजिटल फाइबर और लिथियम बैटरी बनाने वाली देश की तीसरी सबसे बड़ी यूनिट है. राज्य की समृद्धि और देश के आर्थिक विकास के लिए यहां जर्मन तकनीक पर आधारित उद्योग लगाया गया है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ये उद्योग राज्य और युवाओं को नए दौर में ले जाने में मदद करेंगे. उन्होंने कहा कि बीते एक महीने में वह लगातार दूसरी बार धार आए हैं. पिछली बार भी कई उद्योगों का लोकार्पण किया गया था.
उन्होंने कहा कि पिछली बार किए गए एमओयू अब जमीन पर उतर रहे हैं. औद्योगिक विकास के लिहाज से धार राज्य के सबसे तेजी से आर्थिक रूप से आगे बढ़ने वाले जिलों में शामिल हो गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार जिला पहले पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यही जनजातीय बहुल धार और पीथमपुर सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले क्षेत्र बन गए हैं.