scorecardresearch
Friday, 31 July, 2026
होमरिपोर्टश्रावण के पहले दिन बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़े श्रद्धालु

श्रावण के पहले दिन बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़े श्रद्धालु

देर रात से ही जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे कांवड़िये, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम.

Text Size:

वाराणसी: श्रावण मास के पहले दिन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही पूरी काशी ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठी. बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बुधवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं. शिवभक्तों के स्वागत के लिए मंदिर परिसर में रेड कार्पेट भी बिछाया गया था.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार के निर्देश पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए. कांवड़ियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए प्रयागराज-वाराणसी मार्ग की एक लेन सुरक्षित रखी गई है. इसके अलावा पूरे कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल और पीआरवी वाहनों की तैनाती की गई है.

सावन के पहले दिन काशी के शिवालयों में शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए कांवड़िये देर रात से ही काशी पहुंचने लगे थे. श्रद्धालुओं के हाथों में बेलपत्र, मदार की माला, गंगाजल और बाबा विश्वनाथ को अर्पित की जाने वाली अन्य पूजन सामग्री दिखाई दी.

बिहार से आए कांवड़िये दुर्गेश ने बताया कि योगी सरकार ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा, साफ-सफाई और शिविरों में ठहरने सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की है. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात हैं और श्रद्धालुओं की हर संभव मदद कर रहे हैं.

काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से धाम परिसर और आसपास के सभी क्षेत्रों में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं.

दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है. श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर आसानी से दर्शन कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं.

इसके साथ ही मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था भी की गई है. अलग-अलग स्थानों पर शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस, विश्राम और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.

share & View comments