नई दिल्ली: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को तेजी से बढ़ावा मिल रहा है. अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और आगरा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच योगी सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति लोगों के लिए सस्ते ठहराव का बेहतर विकल्प बन रही है.
पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में नीति लागू होने के बाद प्रदेश में 3000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि करीब 900 होमस्टे और फार्मस्टे पंजीकृत हो चुके हैं. वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज और लखनऊ के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में भी ग्रामीण होमस्टे तेजी से बढ़ रहे हैं.
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस मॉडल से स्थानीय परिवारों को रोजगार और अतिरिक्त आय मिल रही है. सरकार का उद्देश्य पर्यटन का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है.