उत्तरकाशी: ऑडेन कोल क्षेत्र में फंसे सभी 29 ट्रैकर्स का सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू कर लिया गया है. रेस्क्यू किए गए सभी ट्रैकर्स को हर्षिल हेलिपैड लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया.
सभी ट्रैकर्स का स्वास्थ्य सामान्य है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी ट्रैकर्स सुरक्षित रूप से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए.
इसके अलावा, कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेली रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को उत्तरकाशी के बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स और पोर्टर की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने दिल्ली से ही आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत और बचाव अभियान की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए हर पर्यटक को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया जाए. उन्होंने सभी पर्यटकों को जरूरी चिकित्सा सहायता देने के साथ उनके भोजन और दूसरी जरूरी चीजों का भी इंतजाम करने के निर्देश दिए.
धामी ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला हर तीर्थ यात्री और पर्यटक हमारा अतिथि है. इसलिए हर व्यक्ति की मदद करना राज्य की जिम्मेदारी है.
मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर प्रभावित लोगों को तुरंत मदद देने के भी निर्देश दिए. उन्होंने बंद सड़कों को खोलने और बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करने को कहा.