हरियाणा सरकार ने खिलाड़ियों के सम्मान और सुविधाओं के लिए खेल बजट दोगुना किया है. खिलाड़ियों की किट से लेकर उनके खान-पान तक हर जरूरत का ध्यान रखा जा रहा है. खेल विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन के अनुसार प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल ढांचा, प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ में एथलेटिक्स, वाटर स्पोर्ट्स और ओलंपिक, राष्ट्रमंडल तथा एशियाई खेलों से जुड़ी प्रतियोगिताओं में युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. इस आयोजन के जरिए भविष्य के चैंपियन तैयार करने पर भी ध्यान दिया जाएगा. सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को उनकी मेहनत और उपलब्धियों के अनुसार मदद देना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विकसित भारत का विजन और फिट इंडिया की सोच प्रदेश की खेल नीति को नई दिशा दे रही है. इस मौके पर मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल, आईपीएस पंकज नैन, खेल निदेशक शक्ति सिंह और ओएसडी बीबी भारती भी मौजूद रहे.