scorecardresearch
Friday, 27 November, 2026
होमरिपोर्टबिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए सालभर चलेंगी बसें, 18 मार्गों पर शुरू हुई सेवा

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए सालभर चलेंगी बसें, 18 मार्गों पर शुरू हुई सेवा

इससे पहले बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने बसों के संचालन के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए.

Text Size:

पटना: बिहार में अंतरराज्यीय बस सेवा को मजबूत करने के लिए राज्य के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू की गई है. ये बसें बिहार के 18 अलग-अलग मार्गों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी. शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी), कश्मीरी गेट से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

इससे पहले बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने बसों के संचालन के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. यह सेवा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शुरू की गई है.

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, अंतरराज्यीय मार्गों पर बसें चलाने के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं. इनमें 75 बिना एसी वाली और 74 एसी बसें हैं. इसके अलावा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत भी 150 बसें चलाई जाएंगी.

इसके लिए बिहार में कुल 18 मार्ग तय किए गए हैं. इनमें पटना से सबसे ज्यादा चार मार्ग हैं. मुजफ्फरपुर और गया जी से दो-दो मार्ग हैं. वहीं अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से एक-एक मार्ग दिल्ली के लिए तय किया गया है. हर मार्ग पर बिहार और दिल्ली, दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा तय किया गया है.

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले बिहार से दूसरे राज्यों के लिए बस सेवा सिर्फ पर्व-त्योहारों के दौरान ही चलाई जाती थी. वर्ष 2025 में त्योहारों के दौरान ट्रेनों और दूसरे परिवहन साधनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने उनकी सुविधा के लिए निगम और पीपीपी मॉडल के तहत 210 बसें चलाई थीं.

इसी तरह वर्ष 2026 में दीपावली और छठ के दौरान बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के अलग-अलग मार्गों पर कुल 155 बसें चलाई गई थीं. यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने इन सेवाओं को पूरे साल चलाने का फैसला किया है. इसी उद्देश्य से बिहार सरकार दूसरे राज्यों के साथ परिवहन समझौते कर रही है.

share & View comments