देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित सचिवालय में पहले आपदा प्रबंधन दिवस के मौके पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चार बड़ी घोषणाएं कीं.
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और दूसरी वर्दीधारी सेवाओं से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदाओं से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इनकी मदद से आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा. पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों, कॉलेजों और दूसरे शिक्षण संस्थानों में हर एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को राज्य सरकार आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित करेगी. ये शिक्षक विद्यार्थियों को लगातार आपदाओं से बचाव के बारे में जागरूक करेंगे.
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आवासीय भवनों में किसी भी तरह की दुर्घटना के कारण आग लगने की घटना को आपदा माना जाएगा. ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के नियमों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी. इसके अलावा आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान बिना किसी स्वार्थ के राहत और बचाव कार्यों में मदद करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा.
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति के कारण यहां आपदा प्रबंधन हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है. प्रदेश को कई तरह की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही हर स्तर पर उनसे निपटने की तैयारी मजबूत करना जरूरी है. आपदा प्रबंधन से स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जा रहा है.
उन्होंने कहा कि आपदा के समय तुरंत कार्रवाई करना बहुत जरूरी है. आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत और मदद पहुंचनी चाहिए. मुश्किल हालात में आपदा प्रभावित लोगों के बीच जाकर उनके साथ खड़ा होना जरूरी है. पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने कई आपदाओं का सामना किया है. इस दौरान राज्य और केंद्र सरकार की अलग-अलग एजेंसियों के साथ शासन-प्रशासन ने बेहतर तालमेल बनाकर तुरंत राहत और बचाव कार्य किए हैं.
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभव साझा करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 मजदूर फंस गए थे. सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की अलग-अलग एजेंसियों ने आपसी तालमेल के साथ बचाव अभियान चलाया. प्रधानमंत्री लगातार इस अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे. प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों ने भी इस अभियान में अहम भूमिका निभाई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलक्यारा बचाव अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं. मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एक साथ कई दूसरे तरीकों पर भी काम किया गया. इसके लिए देश और विदेश के विशेषज्ञों की मदद ली गई. करीब 17 दिनों तक लगातार कोशिश करने के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, मजदूरों के धैर्य, बचाव दलों की कड़ी मेहनत और केंद्र तथा राज्य सरकार के बेहतर तालमेल से यह अभियान सफल हुआ.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है. इसलिए भूकंप से बचाव की तैयारी के लिए भी मॉक ड्रिल यानी अभ्यास किए जाने चाहिए.
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए आपदाओं के नुकसान को कम करने के लिए पहले से तैयारी करना, आपदा के समय तुरंत कार्रवाई करना और आपदा के बाद लोगों को फिर से बसाने और प्रभावित इलाकों का पुनर्निर्माण करने पर खास ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने कहा कि सिलक्यारा बचाव अभियान सिर्फ एक सफल बचाव अभियान नहीं था, बल्कि यह मानवीय संवेदनशीलता का भी बड़ा उदाहरण था. मुश्किल हालात में धैर्य बनाए रखना, जिला स्तर से लेकर भारत सरकार तक सभी का मिलकर काम करना और बड़े अधिकारियों का मौके पर मौजूद रहकर मार्गदर्शन देना इस अभियान की सफलता के अहम कारण थे.
मुख्य सचिव ने कहा कि हमारा उद्देश्य आपदा से प्रभावित आखिरी व्यक्ति तक समय पर मदद पहुंचाना होना चाहिए. उन्होंने आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करने, प्रदेश में मौजूद केंद्रीय संस्थानों के विशेषज्ञों की मदद लेने, स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने और अलग-अलग विभागों तथा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया. उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों को व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने की जरूरत भी बताई.
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुति के जरिए सिलक्यारा बचाव अभियान, प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने, आपदा के जोखिम को कम करने, पहले से चेतावनी देने वाली व्यवस्था, प्रशिक्षण और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) बनाए गए हैं, जिनमें 2,250 सदस्य हैं. भूकंप की पहले से चेतावनी देने के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं.
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव और शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और अलग-अलग स्कूलों तथा कॉलेजों के विद्यार्थी भी ऑनलाइन जुड़े.