नई दिल्ली: भारत की साइबर सुरक्षा से जुड़ी नोडल एजेंसी ने व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने वालों को ऐप में मौजूद पांच खामियों के बारे में चेतावनी दी है. साथ ही, यूजर्स को अपने फोन और कंप्यूटर में मैसेजिंग ऐप को अपडेट करने की सलाह दी है.
गुरुवार रात भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने एक चेतावनी जारी की, जिसमें इन खामियों को ‘ज्यादा खतरे’ वाली श्रेणी में रखा गया है. एजेंसी के मुताबिक, कोई हमलावर मैसेज, फाइल या लिंक भेजकर इन खामियों का फायदा उठा सकता है. इसके बाद वह यूजर के डिवाइस पर कोड चला सकता है, उसकी जानकारी हासिल कर सकता है या ऐप की सुरक्षा जांच को चकमा दे सकता है.
यह चेतावनी एंड्रॉयड फोन और आईफोन पर व्हाट्सऐप और व्हाट्सऐप बिजनेस के साथ-साथ मैक और विंडोज कंप्यूटर पर इस्तेमाल होने वाले व्हाट्सऐप ऐप के लिए भी है. जिन यूजर्स ने पिछले कुछ हफ्तों में ऐप अपडेट नहीं किया है, वे संभवतः उसका ऐसा वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसमें ये खामियां मौजूद हैं.
दुनिया के किसी भी दूसरे देश के मुकाबले भारत में व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है. CERT-In ने यूजर्स से गूगल प्ले स्टोर, ऐप स्टोर या माइक्रोसॉफ्ट स्टोर के जरिए व्हाट्सऐप अपडेट करने को कहा है. व्हाट्सऐप की मालिक कंपनी मेटा ने अपने नए वर्जन में इन खामियों को ठीक कर दिया है और अपनी वेबसाइट पर इनके बारे में जानकारी भी दी है.
एक मामले में, ‘ऑर्डर की जानकारी’ से जुड़ा मैसेज खोलने पर एंड्रॉयड फोन में व्हाट्सऐप की ओर से सेव की गई फाइलें डिलीट हो सकती थीं. यह मैसेज व्हाट्सऐप के बदले हुए वर्जन से भेजा जाना जरूरी था, न कि आधिकारिक ऐप से.
दूसरी खामी मेटा एआई से जुड़ी है. यह चैटबॉट व्हाट्सऐप में ही मौजूद है. मेटा ने कहा है कि इस चैटबॉट के साथ होने वाली बातचीत ऐसे सर्वर पर संभाली जाती है, जिन तक कंपनी भी पहुंच नहीं सकती. इसकी जांच के लिए ऐप उन सर्वर में लगी चिप से जुड़े एक सर्टिफिकेट की जांच करता है. मेटा ने पाया कि ऐप यह जांच पूरी तरह नहीं कर रहा था. इस वजह से कंपनी के अंदर मौजूद कोई व्यक्ति इस जांच को चकमा दे सकता था. मेटा का कहना है कि उसके रिकॉर्ड में ऐसा होने का कोई सबूत नहीं मिला है.
तीसरी खामी उन विज्ञापनों से जुड़ी है, जिन पर क्लिक करने से किसी कारोबार के साथ व्हाट्सऐप पर चैट शुरू हो जाती है. ऐसे मैसेज में मौजूद एक लिंक यूजर का आईपी एड्रेस उजागर कर सकता था. इससे उसकी लोकेशन का पता लगाया जा सकता है. मेटा का कहना है कि इस खामी का इस्तेमाल स्पैम मैसेज के साथ किया गया हो सकता है. इन पांच खामियों में यह इकलौती ऐसी खामी है, जिसके गलत इस्तेमाल की आशंका से मेटा ने इनकार नहीं किया है.
बाकी दो खामियों का पता मई में चला था. इनमें से एक की वजह से विंडोज के लिए बने व्हाट्सऐप पर मौजूद एक प्रोग्राम किसी दस्तावेज की तरह दिखाई दे सकता था. यूजर के उसे खोलते ही वह प्रोग्राम चलने लगता था. दूसरी खामी के कारण मेटा एआई का कोई जवाब फोन को उस वेब एड्रेस से सामग्री लोड करने के लिए कह सकता था, जिसे मैसेज भेजने वाला व्यक्ति चुनता था. उस समय CERT-In ने इन दोनों खामियों को ‘मध्यम’ खतरे वाली श्रेणी में रखा था.
मेटा का कहना है कि इन पांच में से चार खामियों का किसी के द्वारा गलत इस्तेमाल किए जाने का उसे कोई सबूत नहीं मिला है.
CERT-In इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के तहत काम करता है. आईटी कानून के तहत यह साइबर हमलों से निपटने वाली नोडल एजेंसी है. जब भी भारत में लोगों की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले किसी सॉफ्टवेयर में खामियों की जानकारी मिलती है, तो एजेंसी इस तरह की चेतावनी जारी करती है.
यह पहली बार नहीं है, जब CERT-In ने व्हाट्सऐप को लेकर चेतावनी दी है. 2019 में एजेंसी ने चेताया था कि ऐप पर भेजी गई एक वीडियो फाइल का इस्तेमाल फोन पर नियंत्रण पाने के लिए किया जा सकता है. 2021 में उसने ‘ज्यादा खतरे’ वाली चेतावनी जारी की थी. इसमें कहा गया था कि कुछ खामियों के कारण चैट और तस्वीरें दूसरों के सामने आ सकती हैं. 2025 में एजेंसी ने कहा था कि हमलावर व्हाट्सऐप की एक खामी के साथ एप्पल के सॉफ्टवेयर की एक खामी का इस्तेमाल करके कुछ यूजर्स को निशाना बना सकते हैं.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: बीमा बेचने के तरीके बदलना चाहता है IRDAI, कंपनियों ने खर्च और कमीशन पर मांगी राहत