नई दिल्ली: भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति और तबादलों में एक ‘चिंताजनक चलन’ पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि इस चलन से देश की ऊपरी अदालतों में विविधता, सभी वर्गों को जगह देने और योग्यता को महत्व देने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
जस्टिस गवई ने एक ‘चिंतित नागरिक’ के तौर पर राष्ट्रपति भवन को यह असाधारण और कड़ा पत्र भेजा है. जजों की नियुक्ति करने वाली संस्था का नेतृत्व कर चुके जस्टिस गवई ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम का कामकाज ‘अब सवालों के घेरे में है’. 27 नवंबर 2026 को लिखे गए तीन पन्नों के इस पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई हैं. पूर्व CJI ने कहा कि वह यह पत्र गुस्से में नहीं, बल्कि हाल के उन घटनाक्रमों को लेकर अपनी जिम्मेदारी समझते हुए लिख रहे हैं, जिनमें सभी वर्गों को बराबर प्रतिनिधित्व देने की अनदेखी की गई है.
देश के दूसरे दलित और पहले बौद्ध CJI रहे जस्टिस गवई ने 14 मई 2025 से 23 नवंबर 2025 तक इस पद पर काम किया. उनका कार्यकाल छह महीने से कुछ ज्यादा का था.
जस्टिस गवई ने अपने पत्र में कहा कि भारत की आबादी में 5 फीसदी से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय को सुप्रीम कोर्ट में जजों के 40 फीसदी से ज्यादा पद मिले हैं. हालांकि, उन्होंने किसी एक समुदाय का नाम नहीं लिया. पूर्व CJI का मानना है कि समाज के एक खास वर्ग के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे अनुसूचित जातियों (SC), अनुसूचित जनजातियों (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यकों और महिलाओं समेत वंचित वर्गों को नुकसान हो रहा है. इसके अलावा, दूसरे अगड़े वर्गों को भी उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है.
जस्टिस गवई ने कहा कि जब वह खुद कॉलेजियम के प्रमुख थे, तब उन्होंने विविधता और सभी वर्गों को जगह देने के सिद्धांतों का सख्ती से पालन किया और समाज के सभी वर्गों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की. लेकिन अब जो हालात हैं, उनसे लगता है कि सिफारिशें मुख्य रूप से ‘एक ही समुदाय को खुश करने और उसे पुरस्कृत करने’ के मकसद से की जा रही हैं.
मार्च 2025 के संसदीय रिकॉर्ड का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 2018 से अब तक हाई कोर्ट में नियुक्त किए गए 715 जजों में से सिर्फ 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे. इसके अलावा, जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच जजों की नियुक्तियों में करीब 80 फीसदी हिस्सेदारी अगड़े समुदायों की रही, जबकि आबादी में लगभग आधी हिस्सेदारी रखने वाले OBC को 14 फीसदी से भी कम प्रतिनिधित्व मिला.
हाई कोर्ट के जजों के मनमाने तबादलों का मुद्दा उठाते हुए जस्टिस गवई ने बताया कि मेहनती जजों का तबादला छोटी अदालतों में सजा के तौर पर किया गया है, जबकि कुछ दूसरे जजों को योग्यता के बजाय अपने समुदाय से संबंधों के आधार पर अहम पद दिए गए हैं. उन्होंने प्रोफेसर जॉर्ज गैडबॉइस के एक महत्वपूर्ण अध्ययन का भी जिक्र किया. इस अध्ययन में बताया गया था कि 1950 से 1989 के बीच सुप्रीम कोर्ट के एक तिहाई से ज्यादा जज एक ही समुदाय से थे. उन्होंने चेतावनी दी कि सुप्रीम कोर्ट का जज कैसा दिखना चाहिए, इसे लेकर बनी पुरानी धारणाएं अब भी कायम हैं और उन पर सवाल नहीं उठाया जा रहा है.
राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग
संविधान के प्रावधानों का जिक्र करते हुए जस्टिस गवई ने कहा कि अनुच्छेद 124(2) में साफ तौर पर सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति का अधिकार भारत के राष्ट्रपति को दिया गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले कुछ दशकों में न्यायिक व्याख्याओं के कारण कॉलेजियम की सिफारिशें भले ही निर्णायक हो गई हों, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कॉलेजियम जवाबदेही से मुक्त हो गया है. न ही इससे ‘भारत गणराज्य के राष्ट्रपति के सर्वोच्च पद’ की यह जिम्मेदारी खत्म हो जाती है कि वह संविधान को सुरक्षित रखे, उसकी रक्षा करे और उसका बचाव करे.
राष्ट्रपति भवन से सीधे अपील करते हुए पूर्व CJI ने साफ बताया कि वह राष्ट्रपति से क्या कार्रवाई चाहते हैं. जस्टिस गवई ने लिखा, “मैं आपसे पूरी गंभीरता के साथ अनुरोध करता हूं कि आप इस मुद्दे को स्वीकार करें और मामले में अपनी ओर से उचित हस्तक्षेप करें, ताकि सभी को भारतीय लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक में समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के संवैधानिक कर्तव्य की याद दिलाई जा सके.”
उन्होंने दोहराया कि न्यायिक नियुक्तियों में कार्यपालिका और विधायिका की भी बराबर की भूमिका है. साथ ही, उन्होंने संवैधानिक अदालतों में सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देने के लिए तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: मोदी कांग्रेस का सामना कर सकते हैं लेकिन असली चुनौती युवाओं के विरोध से निपटना है