scorecardresearch
Friday, 27 November, 2026
होमरिपोर्टएमपी के 76 गांवों के किसानों को मिलेगी सिंचाई की सुविधा, 536 करोड़ रुपये की सीप-अंबर परियोजना शुरू

एमपी के 76 गांवों के किसानों को मिलेगी सिंचाई की सुविधा, 536 करोड़ रुपये की सीप-अंबर परियोजना शुरू

मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की भी शुरुआत की. इनमें पांच सड़कें, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, सरकारी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है. इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमि पूजन किया गया.

Text Size:

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के पहले और दूसरे चरण का लोकार्पण किया. करीब 536.23 करोड़ रुपये की इस परियोजना से 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होगी. इससे बुधनी और भैरूंदा के 76 गांवों के किसानों को फायदा मिलेगा. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित किया.

मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की भी शुरुआत की. इनमें पांच सड़कें, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, सरकारी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है. इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमि पूजन किया गया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीप-अंबर परियोजना से नर्मदा का पानी खेतों तक पहुंचेगा और किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा. राज्य सरकार सिंचाई सुविधाएं बढ़ाने के साथ किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है. सरकार का लक्ष्य इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाना है.

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, सड़क, रोजगार और महिला कल्याण के लिए भी काम कर रही है. अगले साल पीएससी की परीक्षा दो बार कराई जाएगी. अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं और योजना शुरू होने से अब तक 60 हजार करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन, डेयरी, बकरी पालन, मुर्गी पालन और मछली पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. सरकार ने दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ समझौता किया है. मध्य प्रदेश अभी दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है और सरकार इसे पहले स्थान पर लाना चाहती है.

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय हर महीने 1,000 रुपये की सहायता देने का फैसला किया गया है. वहीं, मान्यता प्राप्त गोशालाओं को प्रति गाय मिलने वाला अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि इस सिंचाई परियोजना से बुधनी और सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को फायदा होगा. कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री और सीहोर जिले की प्रभारी कृष्णा गौर तथा जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट भी मौजूद रहे.

share & View comments