बाजपुर: उत्तराखंड के बाजपुर में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा. इसकी सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया.
धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे. ओलावृष्टि की जानकारी मिलने पर उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का जल्द आकलन करने और प्रभावित किसानों को नियमों के तहत समय पर राहत देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में किसानों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान में देरी नहीं होनी चाहिए.