भोपाल/श्योपुर: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिनमें 41 चीते भारत में जन्मे हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर कूनो की पूरी टीम और विशेषज्ञों को बधाई दी. KJP21 भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता है, जिसने शावकों को जन्म दिया है.
इन पांच शावकों का पिता बोत्सवाना से लाया गया नर चीता है. इनके जन्म के साथ भारत में बोत्सवाना वंशावली की शुरुआत हुई है. इससे देश में बढ़ती चीता आबादी में एक नई आनुवंशिक वंशावली जुड़ी है.
मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों, मैदानी कर्मचारियों और प्रबंधन टीम को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक प्रबंधन, निगरानी और संरक्षण के प्रयासों से भारत में चीता पुनर्स्थापना अभियान आगे बढ़ रहा है.