नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा. इनमें सड़क और रेल कनेक्टिविटी, हवाई सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं.
मुख्यमंत्री ने दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे बनाने, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार और आधुनिकीकरण तथा टनकपुर-बागेश्वर और बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल परियोजनाओं पर आगे बढ़ने का अनुरोध किया. उन्होंने किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की मांग भी रखी.
धामी ने कुंभ-2027 के आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये और SASCI के तहत करीब 9,500 करोड़ रुपये की सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया. उन्होंने देहरादून-हरिद्वार तक RRTS विस्तार की फिजिबिलिटी स्टडी कराने का भी अनुरोध किया.
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद, बद्री घी, शहद, राजमा और लाल चावल भेंट किए. उन्होंने राज्य में वेडिंग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही पहलों की जानकारी भी दी.