नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार में पूरी मदद करेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे. इसके बावजूद इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दी जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाए जाएं, ताकि बीमारी की स्थिति में उन्हें इलाज में परेशानी न हो.
जनता दर्शन में जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर योगी ने अधिकारियों को कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा. उन्होंने सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गोशाला में गोसेवा की. उन्होंने गायों और बछड़ों को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया. इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को पास बुलाकर दुलारा.