देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का देवभूमि उत्तराखंड में हार्दिक स्वागत है तथा वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें.
मंगलवार को सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अमूल्य धरोहर है. उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से शांतिपूर्ण वातावरण में यात्रा का आनंद लेने की अपील की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आई घटनाओं के संबंध में राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं. जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के साथ-साथ हेमकुंड साहिब यात्रा भी सुचारु रूप से संचालित हो रही है. चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. वहीं, हेमकुंट साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे सिख धर्म के प्रमुख पवित्र स्थल स्थित हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. सभी का सम्मान करना देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप सभी का स्वागत किया जाता है.