गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 दिनों के भीतर गोरखपुर के दो दौरों में जिले को 1,753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इनमें 11 जुलाई को 758 करोड़ रुपये और 23 जुलाई को 995 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया.
दोनों दौरों के दौरान मुख्यमंत्री का सबसे ज्यादा जोर रोड कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने पर रहा. 11 जुलाई को उन्होंने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से बनी 11.60 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया. वहीं 23 जुलाई को जिले के पहले सिक्स लेन फ्लाईओवर और पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक बनी फोरलेन सड़क को जनता को समर्पित किया.
429.49 करोड़ रुपये की लागत से बने टीपी नगर-पैडलेगंज मार्ग के 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन फ्लाईओवर से संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, बिहार, महराजगंज और नेपाल की ओर आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
इसके अलावा 278 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक की फोरलेन सड़क से शहर के भीतर आवागमन और आसान होगा. मुख्यमंत्री ने नंदानगर पुलिस चौकी-शमशेर गेट मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण का भी शिलान्यास किया.
मुख्यमंत्री के दोनों दौरों में महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा पर भी विशेष जोर दिखाई दिया. उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का शिलान्यास किया. साथ ही राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना का भी शिलान्यास किया. इस सेंटर में उभरती तकनीकों से जुड़े आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी.