लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर मां कालरात्रि की पूजा की. उन्होंने कहा कि अधर्म, अत्याचार और आतंक का अंत ही न्याय, शांति और भयमुक्त समाज की स्थापना का आधार है.
योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में माफिया, दंगाइयों और अपराधियों का आतंक था. डबल इंजन सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति ने कानून का राज और भयमुक्त माहौल स्थापित किया है.
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति, 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है. उनके मुताबिक, पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम 2016 के 65 मिनट से घटकर अब 5 मिनट रह गया है.
सीएम ने कहा कि सुरक्षा के माहौल के कारण महिलाएं अब नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं. महिला श्रम बल की भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है. कृषि, उद्योग, सेवा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को गति दे रही है.