नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य में सादगी और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने घोषणा की है कि अब उनके काफिले में न्यूनतम और केवल आवश्यक वाहन ही शामिल होंगे.
साथ ही, उनके दौरों के दौरान किसी भी तरह की वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी अपील की है कि राज्य के मंत्री भी अपने काफिलों में कम से कम वाहनों का उपयोग करें. नवनियुक्त निगम और मंडल पदाधिकारियों से भी सादगी के साथ कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है.
यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मध्यप्रदेश राष्ट्रहित में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने प्रदेशवासियों से भी सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और केंद्र सरकार की अपील को राज्य में पूरी गंभीरता से लागू किया जाएगा.