नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ओंकारेश्वर में हुई सेप्टिक टैंक दुर्घटना पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की पूरी जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा.
मुख्यमंत्री यादव ने मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने निर्देश दिए कि जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों को निलंबित किया जाए और गंभीर लापरवाही सामने आने पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
जिला प्रशासन ने अतिक्रमण नोडल अधिकारी और उपयंत्री सुरेश चंद्र पाटीदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. मुख्यमंत्री ने घाटों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने सीवर चैंबर का सर्वे कर क्षतिग्रस्त ढक्कनों को तुरंत बदलने और जरूरी मरम्मत कार्य कराने को कहा है.
गौरतलब है कि ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में तीन वर्षीय बालक की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई थी. प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण हटाने के बाद मलबे से अज्ञात लोगों ने सामग्री निकालते समय सेप्टिक टैंक का ढक्कन क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ.