भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में मध्यप्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए. सरकार ने अगले पांच वर्षों के लिए अलग-अलग योजनाओं में 1.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है.
कैबिनेट ने नर्मदा नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन और सतत प्रबंधन के लिए ‘निर्मल एवं अविरल मां नर्मदा मिशन’ (नमन मिशन) के गठन को मंजूरी दी. इसके अलावा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 1,14,365 करोड़ रुपये, लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए 16,326.47 करोड़ रुपये और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए 2,137.65 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 11,835.35 करोड़ रुपये, कृषि, शिक्षा और अनुसंधान से जुड़ी योजनाओं के लिए 870.16 करोड़ रुपये तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और क्षमता निर्माण के लिए 734 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है.
इसके साथ ही मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम की गतिविधियों के लिए 241.16 करोड़ रुपये और विज्ञान को लोकप्रिय बनाने व विज्ञान के प्रसार के लिए 172.52 करोड़ रुपये मंजूर किए गए. बैठक में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के 35 नए पदों को भी मंजूरी दी गई.