भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय ‘अभ्युदय-2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने पत्रकारिता और पत्रकारों की भूमिका पर बात की. सीएम ने कहा कि आज के पत्रकारों को फेक न्यूज की जगह नेक न्यूज की आदत डालनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पत्रकार सनसनी लाएं, सत्य सामने लाएं और साहस भी दिखाएं, लेकिन देशहित का ध्यान रखना जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने कहा, “आप लोक सत्ता के विरोधी हो सकते हैं, सत्ता के विरोधी हो सकते हैं, इसमें कोई संकट की बात नहीं है. लेकिन देशहित का ख्याल रखिए.”
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर की. उन्होंने मां सरस्वती, भारत माता और दादा माखनलाल चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रकाशनों ‘दो सदी साक्षी’, ‘मैं न्यूज़ रूम’ और भारत की टेंपल इकोनॉमी पर केंद्रित जर्नल ‘इंडियन कलाईडोस्कोप’ का विमोचन किया. उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी ‘100 साल से 100 सुर्खियां’ का भी अवलोकन किया.
कार्यक्रम में प्रसिद्ध लेखक-कलाकार पीयूष मिश्रा भी मौजूद रहे. उन्होंने भोपाल से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि भोपाल अद्भुत और सबसे सुरक्षित शहर है. उन्होंने कहा कि वह कई साल पहले भोपाल आया करते थे और उनकी यादों में भारत भवन बसा हुआ है.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं परिधि पुजारी, तमन्ना लश्कर और शिविका गुप्ता को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया और उन्हें अलंकरण प्रदान किए.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय की स्थापना को 36 साल हो गए हैं. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की साख और धाक दोनों अच्छी हैं. आज सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के रूप में पत्रकारिता के कई माध्यम हैं, लेकिन मीडिया का अहसास हजारों साल से होता आया है.