scorecardresearch
Tuesday, 18 August, 2026
होमरिपोर्टगोरखपुर: राप्ती में डूब रहे युवक के लिए फरिश्ता बने PAC जवान, मोटरबोट से रेस्क्यू कर बचाई जान

गोरखपुर: राप्ती में डूब रहे युवक के लिए फरिश्ता बने PAC जवान, मोटरबोट से रेस्क्यू कर बचाई जान

बाढ़ राहत प्रशिक्षण के दौरान युवक को नदी में छलांग लगाते देखा, जवानों ने तुरंत शुरू किया बचाव अभियान.

Text Size:

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए योगी सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं. इसी क्रम में बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत दलों की तैनाती, मोटरबोट समेत जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और जवानों को बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इन तैयारियों का असर गोरखपुर में उस समय देखने को मिला, जब राप्ती नदी में डूब रहे एक युवक के लिए बाढ़ राहत दल के जवान फरिश्ता बनकर पहुंचे.

युवक ने नौसढ़ के रामघाट से राप्ती नदी में छलांग लगा दी थी. देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूबने लगा. मौके पर मौजूद 26वीं वाहिनी PAC के बाढ़ राहत दल ने बिना समय गंवाए मोटरबोट से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. जवानों की तत्परता, साहस और सूझबूझ से युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया.

राप्ती नदी के रामघाट, नौसढ़ में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने आत्महत्या के इरादे से नदी में छलांग लगा दी. गहरे पानी में डूब रहे युवक की जान बचाने के लिए मौके पर मौजूद 26वीं वाहिनी PAC, गोरखपुर के बाढ़ राहत दल ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

26वीं वाहिनी PAC गोरखपुर के मुताबिक, संतकबीरनगर के धनघटा निवासी उमेश कुमार ने करीब शाम 6 बजे राप्ती नदी में छलांग लगाई. उस समय रामघाट पर PAC का बी दल बाढ़ राहत प्रशिक्षण और ड्यूटी पर तैनात था. जवानों को बाढ़ राहत का प्रशिक्षण दिया जा रहा था. युवक को नदी में डूबता देखकर हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद ने तुरंत मोर्चा संभाला.

महात्म प्रसाद के नेतृत्व में टीम मोटरबोट लेकर तुरंत नदी में उतरी और डूब रहे युवक की तलाश शुरू की. टीम ने बेहद कम समय में युवक को सुरक्षित खोज निकाला. रेस्क्यू के बाद युवक को जरूरी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. अब उसकी स्थिति सामान्य है.

इस साहसिक रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद के साथ कांस्टेबल संजय कुमार गौतम, कृष्णचंद मौर्य, रमेश यादव, मनोज शुक्ला, जितेंद्र कुमार, रवि गौतम और धीरेंद्र गोंड शामिल रहे. बचाव दल की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की दलनायक और थाना राजघाट प्रभारी ने भी सराहना की.

share & View comments