चमोली: हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है. रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से बाहर निकाल लिया गया है. उसे तुरंत जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया है.
अब एक लापता श्रमिक की तलाश बाकी है, जिसके लिए रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. रेस्क्यू टीमें टनल के अंदर संभावित स्थानों पर लगातार सघन खोजबीन कर रही हैं.
रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के अंदर जमा स्लज यानी कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है. इसके साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी का काम भी तेजी से किया जा रहा है. सक्शन पंप और अन्य जरूरी उपकरणों की मदद से पानी और स्लज को हटाया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश की जा सके.
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी तालमेल के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है. अभियान को तेज करने के लिए जरूरी संसाधन और उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
लापता एक श्रमिक की तलाश को सबसे बड़ी प्राथमिकता दी जा रही है. टनल के अंदर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से खोजबीन की जा रही है. रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता से काम कर रही हैं और लापता श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.