नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल अग्निकांड मामले में कानूनी प्रक्रियाओं का सामना कर रहे राज्य निवासी शेफ केसर सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की. नेगी ने सरकार की ओर से मिले सहयोग और संवेदनशीलता के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया.
मुख्यमंत्री धामी ने नेगी का कुशलक्षेम जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
धामी ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार का दायित्व है कि वह अपने नागरिकों का मनोबल बढ़ाए और उन्हें न्यायोचित सहायता उपलब्ध कराए. उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए यथासंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इससे पहले मुख्यमंत्री ने फोन पर नेगी से बातचीत कर उनका हालचाल जाना था और सहायता का भरोसा दिया था. धामी ने इस मामले में दिल्ली की मुख्यमंत्री से भी बातचीत की थी. मुख्यमंत्री के सहयोग के प्रति आभार जताने के लिए नेगी ने परिवार के साथ उनसे मुलाकात की.