नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश डिफेंस सेक्टर में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाते हुए रक्षा विनिर्माण का बड़ा केंद्र बन रहा है. कानपुर में अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस की एम्युनिशन मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के विस्तार से राज्य की रक्षा उत्पादन क्षमता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
कंपनी कानपुर के हाथीपुर क्षेत्र में करीब 250 एकड़ में यूनिट का विस्तार करने जा रही है, जिस पर करीब 2,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है. कंपनी पहले ही कानपुर में करीब 4,000 करोड़ रुपये निवेश कर चुकी है और अगले कुछ वर्षों में करीब 4,000 करोड़ रुपये और निवेश की योजना है.
फिलहाल यूनिट में सालाना करीब 15 करोड़ राउंड एम्युनिशन का उत्पादन होता है, जिसे साल के अंत तक 30 करोड़ राउंड करने का लक्ष्य है. यहां छोटे हथियारों, टैंक और आर्टिलरी सिस्टम के लिए अलग-अलग कैलिबर के एम्युनिशन बनाए जा रहे हैं.
कंपनी के अनुसार, 2027 तक सालाना 40 लाख ग्रेनेड उत्पादन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य है. यूनिट में करीब 2,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं और विस्तार से रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है.
उत्पादन और गुणवत्ता जांच में AI आधारित तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक यहां निर्मित एम्युनिशन और आर्टिलरी सिस्टम NATO मानकों के अनुरूप हैं.