नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल पढ़ाई और परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 11.20 करोड़ रुपये की लागत से बने बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17.39 करोड़ रुपये के केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया. उन्होंने दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 FM का भी शुभारंभ किया.
धामी ने घोषणा की कि केंद्रीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा. विश्वविद्यालय में दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था और विदेशी भाषा विभागों को मजबूत करने के लिए नए पद सृजित किए जाएंगे. स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषाओं की पढ़ाई को विस्तार दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार AI, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दे रही है. उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है. उन्होंने युवाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.