जशपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को जशपुर जिले के डोकरा गांव में आयोजित भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि डोकरा गांव में 1937 से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जा रही है. उन्होंने बताया कि वे बचपन से इस रथ यात्रा में शामिल होते रहे हैं. उन्होंने कहा कि यहां का प्राचीन मंदिर पुरी के जगन्नाथ मंदिर की छोटी प्रतिकृति है, जिसका पिछले दो वर्षों में जीर्णोद्धार किया गया है.
विष्णुदेव साय ने कहा, “मैं छत्तीसगढ़ के सभी लोगों को रथ यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. भगवान जगन्नाथ की कृपा से यह परंपरा आगे भी इसी तरह चलती रहे और प्रदेश में सुख-शांति बनी रहे.”
वहीं, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा भी अगरतला में आयोजित रथ यात्रा में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में रथ यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह है और यह पर्व सभी को एक साथ जोड़ता है. उन्होंने राज्य और देश के विकास तथा आपसी सद्भाव की प्रार्थना की.
उधर, मणिपुर की राजधानी इंफाल में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के स्थानीय रूप ‘कांग उत्सव’ को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं से सजे विशाल रथ को खींचा. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फल, फूल और मिठाइयां अर्पित कर पूजा-अर्चना की.