नई दिल्ली: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में निवेश का नया केंद्र बनकर उभर रहा है. मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने निवास कार्यालय में पर्यटन विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपातों, घने जंगलों, पहाड़ों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति से संपन्न राज्य है. सरकार का उद्देश्य राज्य की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है. उन्होंने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने से इस क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं और इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
बैठक में आईएचसीएल के प्रतिनिधियों ने राज्य में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना की जानकारी दी. कंपनी ने कहा कि इस निवेश से पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित होगा.
वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए सरल, पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था विकसित की है. अधिकारियों ने बताया कि 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश या 1000 से ज्यादा रोजगार सृजित करने वाली परियोजनाओं को ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत विशेष प्रोत्साहन दिए जाएंगे.