scorecardresearch
Thursday, 16 July, 2026
होमरिपोर्टAI से सशक्त होगा बिहार, राज्य सरकार ने AI सेंटर ऑफ एक्सिलेंस को दी मंजूरी

AI से सशक्त होगा बिहार, राज्य सरकार ने AI सेंटर ऑफ एक्सिलेंस को दी मंजूरी

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि इस फैसले से बिहार में AI आधारित नवाचार, रिसर्च, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी व्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी.

Text Size:

पटना: बिहार सरकार ने राज्य को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने बिहार स्टेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (AI CoE) कॉरपोरेशन के गठन और उससे जुड़े मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MoA) तथा आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन (AoA) को मंजूरी दे दी है.

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि इस फैसले से बिहार में AI आधारित नवाचार, रिसर्च, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी व्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. इसी सोच के तहत बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन को भी मंजूरी दी गई है. इसके तहत राज्य में AI के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (CoE) स्थापित किए जाएंगे, जो रिसर्च, उद्योग, शिक्षा और शासन के बीच बेहतर तालमेल बनाएंगे.

मंत्री ने बताया कि AI CoE कॉरपोरेशन राज्य में AI आधारित तकनीकों के विकास, संचालन और विस्तार के लिए संस्थागत ढांचा तैयार करेगा. इसके तहत हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, क्लाउड प्लेटफॉर्म, डेटा प्लेटफॉर्म और आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा. इससे शोध संस्थानों, स्टार्टअप, उद्योगों और सरकारी विभागों को बेहतर तकनीकी सुविधाएं मिल सकेंगी.

उन्होंने कहा कि इस पहल से AI और नई तकनीकों पर काम करने वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलेगा. युवाओं, उद्यमियों और शोधकर्ताओं को नवाचार के लिए बेहतर माहौल मिलेगा, जिससे रोजगार, तकनीकी उद्यमिता और डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

नीतीश मिश्रा ने कहा कि AI CoE के जरिए AI और उससे जुड़े क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, हैकाथॉन, रिसर्च गतिविधियां और उद्योगों व शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवाओं को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार किया जा सके.

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में AI आधारित तकनीकों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जाएगा. इससे शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनेगी. साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शहरी विकास और उद्योग जैसे क्षेत्रों में तकनीक आधारित सेवाओं का विस्तार होगा.

मंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार स्टेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (AI CoE) कॉरपोरेशन का गठन राज्य को डिजिटल बदलाव की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और बिहार को देश के प्रमुख AI नवाचार केंद्रों में शामिल करने की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा.

share & View comments