नई दिल्ली: लखनऊ के प्रतिभाशाली स्केटर अमीश द्विवेदी ने 11वीं ओपन राष्ट्रीय स्तर स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए हैं. यह प्रतियोगिता 21 मई से 24 मई तक नोएडा में आयोजित की गई थी.
अमीश द्विवेदी की इस उपलब्धि से न केवल लखनऊ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा है. उनकी मेहनत और समर्पण की खेल जगत में सराहना की जा रही है. प्रतियोगिता में उन्होंने बेहतरीन तकनीक और गति का प्रदर्शन किया, जिससे वे पदक जीतने में सफल रहे.
अमीश वर्तमान में स्केटर्स हब में कोच अनुपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. उनकी सफलता पर खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. अमीश की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है.