नई दिल्ली: बिहार में नेपाल के तराई क्षेत्र और गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बढ़ा दी है. संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं.
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विभाग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. इसमें सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए.
जिला प्रशासन को नदियों के जलस्तर और प्रवाह, निचले इलाकों, तटबंधों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है. कोसी नदी का जलस्तर घटा है, लेकिन इसके आसपास के जिलों में सतर्कता बरकरार रखने के निर्देश हैं.
NDRF और SDRF को अलर्ट रहने के साथ नाव, लाइफ जैकेट और रेस्क्यू उपकरण तैयार रखने को कहा गया है. प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के जरिए अग्रिम चेतावनी देने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. आपात स्थिति में 1070 पर संपर्क किया जा सकता है.