scorecardresearch
Wednesday, 30 September, 2026
होमरिपोर्ट‘AAP सरकार ने चिट्टा के कारोबार को खुलेआम बढ़ने दिया’, दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करेंगे: अमित शाह

‘AAP सरकार ने चिट्टा के कारोबार को खुलेआम बढ़ने दिया’, दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करेंगे: अमित शाह

अमित शाह ने कहा- आगामी विधानसभा चुनाव में BJP का मुख्य मुद्दा होगा नशामुक्त पंजाब.

Text Size:

जालंधर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को आरोप लगाया कि पंजाब की AAP सरकार ने ‘चिट्टा’ (सिंथेटिक ड्रग्स) के कारोबार को खुलेआम बढ़ने दिया. उन्होंने कहा कि अगर BJP सत्ता में आती है तो 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशे के कारोबार से मुक्त कर दिया जाएगा.

जालंधर में BJP की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में BJP के अभियान का मुख्य मुद्दा नशामुक्त पंजाब होगा.

शाह ने कहा, “आज पंजाब को नशामुक्त करने का समय क्यों आया है? क्योंकि AAP की सरकार ने चिट्टा (सिंथेटिक ड्रग्स) के कारोबार को खुलेआम बढ़ने दिया.”

उन्होंने आगे कहा, “मैं आज पंजाब के लोगों से यह कहने आया हूं कि पंजाब के चुनाव में कई मुद्दे हैं- किसानों के मुद्दे, उद्योग के मुद्दे, कानून-व्यवस्था के मुद्दे, महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे. लेकिन आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी केवल और केवल नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी, नशामुक्त पंजाब के लिए.”

शाह ने पंजाब के लोगों से BJP का समर्थन करने की अपील भी की और कहा कि पार्टी 2029 के अंत तक चिट्टा के कारोबार को खत्म करने की दिशा में काम करेगी.

उन्होंने कहा, “आज मैं यहां से पंजाब की माताओं और युवाओं से वादा करता हूं कि इस चुनाव में BJP का समर्थन करें, कमल के फूल को वोट दें और 31 दिसंबर 2029 से पहले हम पंजाब को चिट्टा के कारोबार से मुक्त कर देंगे.”

केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत सिख गुरुओं और पंजाब से जुड़े अन्य प्रमुख लोगों को श्रद्धांजलि देकर की. इनमें महाराजा रणजीत सिंह, सरदार तेजा सिंह समुंदरी, भगत सिंह और ऊधम सिंह शामिल थे.

उन्होंने कहा कि पंजाब ने ऐतिहासिक रूप से अपने किसानों के जरिए देश की खाद्य सुरक्षा में योगदान दिया है और भारत की सीमाओं की रक्षा में भी बड़े बलिदान दिए हैं.

शाह ने कहा, “जब भी देश में खाद्य सामग्री की जरूरत होती थी, पंजाब का किसान हमारे अनाज के भंडार और गोदाम भरता था और पंजाब का किसान आज भी उन्हें भरता है.”

उन्होंने देश की सुरक्षा में पंजाब के युवाओं के योगदान की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि राज्य ने आजादी से पहले और आजादी के बाद, दोनों समय बलिदान दिए हैं.

शाह BJP की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत जनसभा को संबोधित करने के लिए जालंधर पहुंचे थे. अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर में भी दर्शन किए.

share & View comments