देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 70 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है. इनमें सड़क निर्माण, पुल, भवन, मंदिरों और धर्मशालाओं से जुड़े काम शामिल हैं.
मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर के किच्छा में पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर की बची हुई सड़कों की मरम्मत के लिए 19.99 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. इसी जिले के गदरपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर धर्मशालाओं के निर्माण के लिए 2.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है.
देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में सीसी सड़क, नालियों और आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 76.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. चम्पावत में मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में विश्राम शेड और पुलिया बनाने के लिए 77.22 लाख रुपये, जबकि गंगोलीहाट में पोखरी-चण्डिकाघाट मोटर मार्ग के लिए 5.38 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.
हरिद्वार में रसूलपुर-मंगोलपुरा-आर्यनगर और लालढांग के बीच रावासन नदी पर 250 मीटर लंबे पैदल यात्री पुल के निर्माण के लिए 9.34 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है.
इसके अलावा टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में आवासीय और गैर-आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 9.71 करोड़ रुपये तथा अल्मोड़ा के सल्ट थाने में आवासीय भवन बनाने के लिए 3.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र में मोरी-नैटवाड़-जखोल मोटर मार्ग पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है. वहीं, ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई व्यवस्था लगाने के लिए 78.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं.