scorecardresearch
Monday, 8 June, 2026
होमरिपोर्टयूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के 32,679 पदों के लिए 28.86 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के 32,679 पदों के लिए 28.86 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

मुख्यमंत्री के निर्देश पर परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में किराये पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है. यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जाएगी. भर्ती प्रक्रिया के तहत 32,679 पदों के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है.

परीक्षा के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए निर्धारित समय के अलावा 5 मिनट अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा. तीन दिनों में कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न होगी.

डीजी भर्ती बोर्ड एस.बी. शिरडकर ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए प्रत्येक पाली में लगभग 4,81,416 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए पुलिस, प्रशासन और जिला स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं.

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है.

भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. वहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.

राज्य सरकार और भर्ती बोर्ड का दावा है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जा सके.

साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के हित में बड़ा फैसला लिया है.

मुख्यमंत्री के निर्देश पर परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में किराये पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना है, इसलिए उन्हें आर्थिक राहत देने और यात्रा को आसान बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है.

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में करीब 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है.

मुख्यमंत्री के फैसले के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत रियायती किराये का लाभ उठा सकेंगे. यह सुविधा परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी.

share & View comments