scorecardresearch
Thursday, 28 May, 2026
होमराजनीतिसिद्धरमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया

सिद्धरमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया

इस्तीफा सौंपने के बाद सिद्धरमैया ने कहा, 'मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. चूंकि राज्यपाल थावरचंद गहलोत शहर में नहीं हैं, इसलिए मैंने अपना त्यागपत्र उनके विशेष सचिव को सौंप दिया.'

Text Size:

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को यहां लोक भवन में राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया.

राज्यपाल थावरचंद गहलोत की अनुपस्थिति में विशेष सचिव प्रभु शंकर ने इस्तीफा ग्रहण किया.

लोकभवन के सूत्रों के अनुसार गहलोत व्यक्तिगत कारणों से अपने मूल स्थान इंदौर में हैं.

जब सिद्धरमैया ने राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा तब उनके साथ उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और अन्य मंत्रिमंडल सहयोगी मौजूद थे.

प्रभु शंकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘मुझे इस्तीफा मिल गया है, लेकिन इसे राज्यपाल स्वीकार करेंगे.’

इस्तीफा सौंपने के बाद सिद्धरमैया ने कहा, ‘मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. चूंकि राज्यपाल थावरचंद गहलोत शहर में नहीं हैं, इसलिए मैंने अपना त्यागपत्र उनके विशेष सचिव को सौंप दिया.’

उन्होंने कहा, ‘’मैंने बार-बार कहा था कि जब भी आलाकमान मुझे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने को कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा। आलाकमान ने मुझे दो दिन पहले पद छोड़ने का निर्देश दिया था, जिसके अनुसार मैंने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया.’

उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि राज्यपाल संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लेंगे। मुझे दो बार कर्नाटक के लोगों की सेवा करने का मौका मिला, मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे को धन्यवाद देता हूं.’

इससे पहले सिद्धरमैया ने अपने सरकारी निवास पर मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के लिए आयोजित जलपान में मंत्रियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया और यह भी कहा कि कांग्रेस आलाकमान के निर्देशानुसार उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे.

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जलपान पर हुई इस बैठक की तस्वीर साझा की जिसमें सिद्धरमैया भावुक शिवकुमार को गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं. एक अन्य तस्वीर में, मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार शिवकुमार सिद्धरमैया के पैर छूते और उनका आशीर्वाद लेते हुए नजर आ रहे हैं.

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.


यह भी पढ़ें: आंबेडकर की विरासत: दलित साहित्य, श्रम राजनीति और संवैधानिक नैतिकता का गहरा असर


 

share & View comments