नई दिल्ली: राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को जानबूझकर पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाना सिर्फ एक हादसा नहीं था, बल्कि ऐसा जानबूझकर किया गया था.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, “इस मामले पर मेरा रुख बिल्कुल साफ था. पापा की सुरक्षा हटा दी गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके. पापा की सुरक्षा हटाना सिर्फ एक हादसा नहीं था. यह जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या हो सके. उनके खिलाफ ऐसा माहौल भी बनाया गया था, जिसमें उनकी हत्या हो सके.”
राहुल ने ये बातें अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक नए वीडियो में कही हैं. इस वीडियो का शीर्षक ‘व्हाट मा लेफ्ट आउट ऑफ हर बुक’ है. इसमें वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बैठकर परिवार के राजनीतिक और निजी जीवन से जुड़े उन किस्सों पर बात करते नजर आते हैं, जिन्हें सोनिया की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में शामिल नहीं किया गया है.
राजीव गांधी के चुनाव प्रचार के दौरान एक घटना को याद करते हुए, जब कथित तौर पर उन पर खुले जीप में पत्थर फेंके गए थे, सोनिया ने बताया कि जब सरकार विपक्ष या बीजेपी की हो, तो सुरक्षा सुनिश्चित करना कितना मुश्किल होता है.
उन्होंने कहा, “अगर सरकार बीजेपी या विपक्ष की है, तो फिर भूल जाइए. वे सुरक्षा पर खास ध्यान नहीं देने वाले.”
उस दौरे में अपने पिता के साथ गए राहुल ने याद किया कि उन्होंने अपनी मां को राजीव गांधी की जान को लेकर खतरे के बारे में चेतावनी दी थी.
उन्होंने याद करते हुए कहा, “मामा, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा.”
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उन्होंने सीधे राजीव गांधी के सामने भी उठाया था और इस पर उनसे बहस भी की थी.
वहीं, प्रियंका ने याद किया कि 1984 में उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राहुल अपने पिता की सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंतित रहने लगे थे. उन्होंने बताया कि राहुल बार-बार यह जांचते रहते थे कि सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं या नहीं. वहीं, प्रियंका रात में तब तक सोने नहीं जाती थीं, जब तक उन्हें अपने पिता के घर लौटने की आवाज नहीं सुनाई दे जाती थी.
अपने भाई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “आपके लिए, आपकी बातें और नतीजे बिल्कुल तार्किक थे. लेकिन मेरे लिए वे पूरी तरह भावनात्मक थे.”
राजीव गांधी की सुरक्षा पर हुई बातचीत के अलावा, तीनों ने वीडियो में कई अन्य मुद्दों पर भी बात की. इनमें 2004 में सोनिया गांधी का प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार करना, सार्वजनिक जीवन में उन्हें झेलनी पड़ी बदसलूकी और 1977 में कांग्रेस की हार के बाद स्कूल में राहुल और प्रियंका के अनुभव शामिल हैं.
The proposal didn’t go according to plan and neither did my seventh birthday.
The decision in 2004 gave some of us relief but others joy.
There was an intention behind withdrawing Papa’s security.
And even after 500+ pages there are some things Ma has left out of her book.… pic.twitter.com/6fhw1mMFip
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 24, 2026
‘2004 में लिए गए फैसले के पीछे की सच्चाई’
तीनों ने उन परिस्थितियों पर भी चर्चा की, जिनमें 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की जीत के बाद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया था.
राहुल ने उस बैठक का जिक्र किया, जिसमें उनकी मां के प्रधानमंत्री बनने की संभावना पर चर्चा हुई थी. उस कमरे में सात लोग मौजूद थे. उन्होंने बताया कि शुरुआत में सोनिया इस फैसले को लेकर असमंजस में थीं.
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि कमरे में सिर्फ एक व्यक्ति के पास प्रधानमंत्री बनने के लिए जरूरी “गुण” और “क्षमता” थी. उन्होंने बाकी लोगों को “सपने देखने वाला” बताया.
राहुल ने कहा, “कमरे में सिर्फ एक आदमी ऐसा है जो प्रधानमंत्री बन सकता है… और वहां छह या सात लोग ऐसे हैं, जो सपने देख रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नहीं बन सकते.” इस दौरान उनकी मां और बहन उनकी बात सुन रही थीं.
इसके बाद उन्होंने अपनी मां के फैसले को याद करते हुए कहा, “फिर मेरी मां ने फैसला किया, ‘नहीं’. उस कमरे में वास्तव में खुशी का माहौल था.”
कांग्रेस के पूर्व नेता नटवर सिंह ने अपनी आत्मकथा में लिखा था कि इस बैठक में मनमोहन सिंह, प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, शिवराज पाटिल, गुलाम नबी आजाद, एम.एल. फोतेदार और खुद नटवर सिंह मौजूद थे.
वहीं, सोनिया ने उस स्थिति को याद करते हुए सत्ता के “आकर्षण” के बारे में बात की. उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने उनकी अगुवाई में पार्टी का समर्थन किया है, इसलिए उन्हें प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए.
हालांकि, पीछे मुड़कर देखने पर उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह भावना सत्ता के लालच में आने के लिए खुद को दी गई एक दलील थी.
उन्होंने कहा, “मैं इसका विश्लेषण कर रही हूं… मुझे नहीं लगता कि ऐसा था, लेकिन हो सकता है.”
राहुल से बात करते हुए उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को सत्ता से जुड़ा एक सबक बताया. उन्होंने कहा, “एक बार जब आप उस पद पर पहुंच जाते हैं और आपके पास सत्ता होती है, तो उसे अपने पास बनाए रखने के लिए आपको कई बहाने मिल सकते हैं.”
‘वह यहां बहुत नरमी बरत रही हैं’
इस बातचीत में सोनिया गांधी को उनके राजनीतिक जीवन के दौरान झेलनी पड़ी निजी टिप्पणियों और गाली-गलौज का मुद्दा भी उठा.
राहुल ने कहा कि उनकी मां ने आत्मकथा में उनके खिलाफ की गई कई “घटिया गालियों” का जिक्र नहीं किया है.
उन्होंने कहा, “वह यहां बहुत ज्यादा नरमी बरत रही हैं.” इस पर सोनिया ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ इंसान ऐसी घटनाएं भूलने लगता है.
राहुल ने याद किया कि उन्होंने अपनी मां को सार्वजनिक रूप से अपमानित होते और उनके खिलाफ गाली-गलौज होते देखा था.
उन्होंने कहा, “मैंने अपनी मां को जिस तरह से बेरहमी से अपमानित होते, बेइज्जत होते और उनके खिलाफ गाली-गलौज होते देखा, वह… यह सब पागलपन था.”
प्रियंका ने भी अपने भाई की बात से सहमति जताई और कहा कि उन्हें भी ये घटनाएं याद हैं.
राहुल ने कहा कि एक महिला के खिलाफ इतनी “छोटी सोच, घटियापन और गाली-गलौज” देखकर वह हैरान रह गए थे.
उन्होंने कहा, “एक बेटे के तौर पर मुझे यह सब बेहद घिनौना लगा.” उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों को “तथाकथित सम्मानित” माना जाता था, उन्होंने भी उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक बातें कही थीं. इनमें से कई बातों को सोनिया ने अपनी किताब में शामिल नहीं किया है.
उन्होंने कहा, “जो बातें कही गई हैं, उनका जिक्र उन्होंने नहीं किया है और वह कभी नहीं करेंगी. शायद मैं एक दिन इन बातों को बताऊंगा.”
प्रियंका ने कहा कि उनकी मां पर हुए हमलों की एक वजह भारतीय समाज में घुलने-मिलने की उनकी कोशिश थी. उन्होंने जोर देकर कहा कि सोनिया का जन्म भले ही भारत से बाहर हुआ हो, लेकिन उन्होंने इस देश को अपना घर चुना.
वहीं, सोनिया ने हमलों के बावजूद उन्हें स्वीकार करने के लिए भारत के लोगों को श्रेय दिया.
उन्होंने कहा, “कई लोगों ने बहुत बुरी बातें कहीं, लेकिन ज्यादातर लोगों, अधिकतर लोगों ने मुझे स्वीकार किया और अपने परिवार की बेटी की तरह अपनाया. इसलिए मुझे ऐसा नहीं लगता कि ‘ओह, उन्होंने ऐसी बातें कही थीं’. नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता.”
उन्होंने भावुक अंदाज में अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “बल्कि, मैं भारत से इसी वजह से प्यार करती हूं.”
1977 में कांग्रेस की हार के बाद स्कूल के दिन
राहुल और प्रियंका ने यह भी याद किया कि 1977 में कांग्रेस की हार के बाद उनके स्कूल के साथी उनके साथ अलग तरह का व्यवहार करने लगे थे. आजादी के बाद यह पहली बार था, जब कांग्रेस केंद्र की सत्ता से बाहर हुई थी.
प्रियंका ने एक घटना याद की, जब स्कूल में एक लड़का उनके पास आया और कहा, “तेरा चाचा जेल में है, चोर है तेरा चाचा.”
उन्होंने बताया कि इस पर उन्होंने उस लड़के को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद वह लड़का रोने लगा और उनकी टीचर ने उन्हें डांटा.
राहुल ने याद किया कि उस दिन जब वह स्कूल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि क्लास में उनके बगल की दोनों सीटें खाली थीं.
उन्होंने कहा, “खैर, मैंने कुछ नहीं कहा. मैं चुपचाप सब सह गया.”
उन्होंने सोनिया गांधी की ओर से आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी को भी याद किया. सोनिया ने यह पार्टी इसलिए रखी थी, ताकि राहुल अपने स्कूल के दोस्तों के साथ फिर से घुल-मिल सकें. राहुल ने बताया कि पार्टी में 32 बच्चों को बुलाया गया था, लेकिन उनमें से सिर्फ एक ही आया.
हालांकि, दोनों भाई-बहन ने उस दोस्त का नाम नहीं बताया, लेकिन प्रियंका ने खुलासा किया कि राहुल आज भी उसके संपर्क में हैं.
‘बागी’ भाई और नियमों का पालन करने वाली बहन
बातचीत के आखिर में राहुल और प्रियंका ने स्कूल और संसद में अपने अलग-अलग स्वभाव को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में एक-दूसरे की बातें बताईं.
राहुल ने प्रियंका को ऐसी इंसान बताया जो नियमों का पालन करती थी, “मीठा बोलती थीं” और “अच्छी” थीं. वहीं, उन्होंने खुद को ऐसा व्यक्ति बताया जो बागी स्वभाव का था, सवाल पूछता था और चीजों को बिगाड़ता था.
उन्होंने कहा, “वह नियमों का पालन करती थी. वह मीठा बोलती थी और अच्छी रहती थी. मैं बागी था, सवाल पूछता था और चीजों में बाधा डालता था.”
प्रियंका ने उनकी बात से सहमति जताते हुए कहा, “मैं इस व्यवस्था के हिसाब से थी और तुम इसके हिसाब से नहीं थे.”
उन्होंने संसद में आज दोनों की भूमिकाओं की तुलना करते हुए कहा, “आज भी संसद में बिल्कुल ऐसा ही है.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: आसमान छूती इमारतें, खाली फ्लैट और घटते खरीदार: हैदराबाद के रियल एस्टेट बाजार में कैसे पैदा हुआ संकट?