नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को NEET पेपर लीक को “बहुत बड़ा अपराध” बताया और कहा कि सरकार ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाए.
प्रधानमंत्री ने यह बात NDA संसदीय दल की बैठक में कही. उन्होंने कहा कि नीट का मुद्दा राजनीति का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का मुद्दा है.
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने मीडिया को बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की खबर मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब NEET पेपर लीक को लेकर देशभर के छात्रों और उनके परिवारों में नाराज़गी है. इसी मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी हुआ.
रिजिजू ने कहा, “प्रधानमंत्री ने बताया कि जैसे ही पेपर लीक की खबर मिली, सरकार ने तुरंत जांच शुरू कराई और 13 लोगों को गिरफ्तार किया. छात्रों का भविष्य खराब न हो, इसलिए NEET की दोबारा परीक्षा कराई गई.”
On the NEET examination, the Prime Minister said that the government acted immediately after reports of the paper leak surfaced, and 13 people were arrested and sent to jail.
At the same time, to ensure that students’ future was not affected, the NEET re-examination was given… pic.twitter.com/Pu3wWvhFV1
— BJP (@BJP4India) July 21, 2026
उन्होंने कहा, “साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो. इसलिए नीट की दोबारा परीक्षा को प्राथमिकता दी गई, समय पर परीक्षा कराई गई और बिना देरी के परिणाम भी घोषित किए गए. प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसे पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं. इस रैकेट में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.”
रिजिजू ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने अपील की कि दोषियों को देश के सबसे बड़े वकीलों की मदद से सबसे कड़ी सज़ा दिलाई जाए.
उन्होंने कहा, “ताकि इतने बड़े अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ मिसाल बनने वाली कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.”
सोमवार को, करीब एक महीने से चल रहे प्रदर्शन के बीच पहली बार सरकार की ओर से इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया सामने आई. उसी दिन हजारों समर्थक दिल्ली पहुंचे और अपनी आवाज सुनने की मांग की. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सीजेपी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और कहा, “आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की तरफ से सरकार से बातचीत का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 बजे से बातचीत चल रही है.”
एक वरिष्ठ सांसद के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बैठक में यह भी कहा कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य या सिर्फ केंद्र का मामला नहीं, बल्कि पूरे देश का मुद्दा है.
रिजिजू ने कहा, “देशभर में जहां भी ऐसे अपराध हुए हैं, सभी राजनीतिक दलों को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दोषियों को सजा मिले. यह राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश का मुद्दा है. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पहले से लागू मजबूत व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सभी को योगदान देना चाहिए.”
बैठक में प्रधानमंत्री ने पूरे मामले को “घिनौना और बहुत बड़ा अपराध” बताया. उन्होंने कहा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं न हों, इसके लिए सभी राज्य सरकारों को मिलकर काम करना चाहिए.
कर्नाटक के एक सांसद के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि नीट की दोबारा परीक्षा अच्छे तरीके से हुई.
उन्होंने कहा, “हम हमेशा साथ हैं, लेकिन हमें एक मजबूत व्यवस्था बनानी होगी. पहले भी पेपर लीक होते थे, लेकिन इस बार कार्रवाई की गई.”
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री सिर्फ नीट की नहीं, बल्कि सभी परीक्षाओं की बात कर रहे थे. उन्होंने कहा कि पेपर लीक स्वार्थ की वजह से होते हैं. ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो.
सांसद ने यह भी कहा कि बैठक में चल रहे प्रदर्शनों का कोई जिक्र नहीं हुआ.
उन्होंने बताया कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि नीट की दोबारा परीक्षा में देरी न हो, परीक्षा जल्द कराई जाए और परिणाम भी समय पर घोषित किए जाएं. प्रधानमंत्री ने फिर दोहराया कि “किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: CJP और मोदी सरकार के मंत्री के बीच पहली मुलाकात, जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाया गया