नई दिल्ली: 1968 में इटली से भारत आईं एक ऐसी महिला, जिन्हें इस देश के बारे में कुछ भी पता नहीं था और यहां किसी को नहीं जानती थीं. वह सिर्फ अपने प्यारे राजीव गांधी को जानती थीं. एक ऐसी महिला, जिन्हें शुरुआत में अपनी सास इंदिरा गांधी को ‘मां’ या ‘मम्मी’ कहने में भी काफी मुश्किल हुई. और एक ऐसी महिला, जिनका ‘विदेशी मूल’ 1990 के दशक में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया था. सोनिया गांधी को भारत में अपना घर और अपनापन महसूस करने में कुछ समय लगा. उन्होंने अपने मेमोयर का नाम भी इसी भावना पर रखा है: Belonging: A Journey of Love.
सोनिया ने किताब में खुद को उन सभी भारतीय महिलाओं से जोड़ने की कोशिश की है, जिन्हें शादी के बाद अपने ससुराल में इसी तरह की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है. उन्होंने किताब में लिखा है कि उन्हें पहली बार अपनापन तब महसूस हुआ, जब उनके दिवंगत पति राजीव गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी के लोगों ने उन्हें कुछ बातें न जानने के लिए ‘टोकना’ शुरू किया.
कांग्रेस नेता ने सोमवार को अपनी यादों पर लिखी किताब के विमोचन के मौके पर कहा, “मुझे पहली बार अपनापन तब महसूस हुआ, जब मैं पहली बार राजीव जी के संसदीय क्षेत्र गई थी. वहां के लोग बहुत सहज, साफ बोलने वाले और बेबाक हैं. उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता था कि मैं विदेशी हूं, मेरे बोलने का लहजा अजीब है या मैंने साड़ी ठीक उसी तरह नहीं पहनी है, जिस तरह पहनी जानी चाहिए.”
उन्होंने कहा, “उन्होंने मेरे साथ अपने लोगों जैसा व्यवहार किया. यह मेरा पहला अनुभव था और जब 2004 में हमने चुनाव जीता, तो मुझे लगा कि लोगों ने मुझे अपना लिया है.”
सोनिया ने कहा, “‘अपनापन’ एक ऐसा शब्द है, जिसका जिक्र किताब में बार-बार आता है. यह इस बारे में है कि मैंने यहां अपना बनाने और अपनापन पाने के लिए कितनी कोशिश की. जब आप किसी नई जगह पर बाहरी होते हैं, तो अक्सर आपको लगता है कि आप दूसरों जैसे नहीं हैं. आपको लगता है कि लोग लगातार आप पर नजर रख रहे हैं. अगर आपसे कोई गलती हो जाती है, आप कोई गलत शब्द बोल देते हैं या कुछ गलत कर देते हैं, तो आप खुद ही इसे लेकर सतर्क हो जाते हैं. इसलिए यह स्वीकार किए जाने और आखिरकार अपनापन महसूस करने की कोशिश के बारे में है.”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें अपने अनुभव और भारत की कई महिलाओं के अनुभव में समानता दिखाई देती है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह सिर्फ मेरा अनुभव नहीं है, क्योंकि मैं इटली से यहां आई थी. मेरा मानना है कि भारत की कई महिलाओं का भी ऐसा ही अनुभव है.”
उन्होंने कहा, “हो सकता है कि मेरे लिए यह थोड़ा ज्यादा मुश्किल रहा हो, क्योंकि मैं बिल्कुल अलग सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल से आई थी. लेकिन भारतीय महिलाओं के लिए भी यह उतना ही मुश्किल और चुनौती भरा हो सकता है. उन्हें भी स्वीकार किए जाने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है. इसीलिए मैंने ‘अपनापन’ शब्द चुना.”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने याद किया कि उन्होंने हमेशा अपनी मां को खाने की मेज पर अपने पिता की गोद में बैठे देखा था. राहुल ने कहा, “वह मेरे पिता की थीं और मेरे पिता उनके थे…फिर मेरे पिता अचानक चले गए.” उन्होंने कहा कि पिता की मौत के बाद जो दरवाजा बंद हो गया था, वह तब खुला जब लाखों लोगों ने उनकी मां से कहा कि वह यहीं की हैं और यहीं की होकर रहेंगी.
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे. उन्होंने 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी. अपने भाषण के दौरान उनका जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने उस एकमात्र मौके को याद किया, जब उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका ने अपने माता-पिता राजीव और सोनिया गांधी को आपस में लड़ते हुए देखा था.
राहुल ने कहा, “मैं यहां अमरिंदर सिंह जी को देख रहा हूं. हमने उन्हें (राजीव गांधी और सोनिया गांधी को) बहस करते हुए देखा था, लेकिन उन्हें लड़ते हुए सिर्फ एक बार देखा. यह संयोग ही था कि जब ऐसा हुआ, उस समय मेरे पिता फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे.” इसके बाद राहुल ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री की तरफ मुड़कर पूछा, “याद है?”
2022 में बीजेपी में शामिल हुए अमरिंदर ने बाद में कहा, “हम यहां एक सामाजिक कार्यक्रम के लिए आए हैं. इसमें राजनीतिक मुद्दे कहां से आ गए?”
राहुल ने यह भी बताया कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद उनकी मां कैसे बदल गई थीं. उन्होंने कहा कि लोग अक्सर उनकी मां को अंतर्मुखी यानी कम बोलने वाली समझ लेते हैं, लेकिन दोनों मौतों के बाद वह खुद में ही सिमट गई थीं.
राहुल ने कहा, “लोग सोचते हैं कि मेरी मां कम बोलने वाली हैं, लेकिन इसके ठीक उलट है. पहले मेरी दादी और फिर मेरे पिता की मौत के बाद वह खुद में ही सिमट गई थीं और जब मैं किताब पढ़ रहा था, तो मुझे उनमें वह पुरानी इंसान फिर से दिखाई दीं, जिन्हें हम पहले से जानते थे.”
इस किताब के विमोचन कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके पिता तथा नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती सहित कई अन्य नेता मौजूद थे.
पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा भी कार्यक्रम में मौजूद थे.
हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित इस किताब का विमोचन 10 नवंबर को किया गया था.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी के पिता, होलोकॉस्ट और वह इतिहास जिसे उनकी किताब में जगह नहीं मिली