सुरमा, नमाज की टोपी, बम बनाना, बच्चों की क्रिकेट टीम तैयार करना. भारत में मुसलमानों को इन रूढ़िवादी छवियों से छुटकारा ही नहीं मिलता. इन बातों को अक्सर मजाक के तौर पर पेश किया जाता है. हाल ही में समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड में भी ऐसा ही देखने को मिला. इस बार कज़िन मैरिज को मजाक का विषय बनाया गया.
एक वायरल क्लिप में अभिनेत्री भाग्यश्री तारके ने सलमा दीवानी नाम का मुस्लिम किरदार निभाया. वह पैनल के साथ बातचीत करते हुए कहती हैं कि वह अपने कज़िन के साथ आई हैं. जब पैनल में शामिल हुमा कुरैशी पूछती हैं, “कौन कज़िन?”, तो समय रैना जवाब देते हैं, “पति होंगे.” यह सुनकर दर्शक हंसने लगते हैं, तालियां बजाते हैं और शोर मचाते हैं. लेकिन इसमें हंसने वाली कोई बात नहीं है.
भारत के कई समुदायों में कज़िन से शादी करने का लंबा इतिहास रहा है. फिर इसे लगातार मुसलमानों की कोई अनोखी परंपरा बताकर उनका मजाक क्यों उड़ाया जाता है? कुछ लोगों को ये बातें भले ही बेफिक्र और मजेदार लगें, लेकिन इनसे एक पूरी संस्कृति को लेकर बहुत सीमित सोच बनती है. एक मुस्लिम महिला होने के नाते मुझे भी अक्सर ऐसी गलतफहमियों और धारणाओं का सामना करना पड़ता है.
मेरे कई गैर-मुस्लिम दोस्तों ने मुझसे पूछा है कि क्या मैंने कभी अपने किसी कज़िन से शादी करने के बारे में सोचा है. और ऐसा सिर्फ मेरे साथ नहीं होता. मेरे मुस्लिम दोस्तों को भी बार-बार इसी तरह के सवालों का सामना करना पड़ा है.
मैं यह बात साफ कर देना चाहती हूं कि मैं मुस्लिम हूं और मैंने अपने किसी कज़िन से शादी नहीं की है. न ही मेरी बहन या मेरे परिवार में किसी और ने अपने कज़िन से शादी की है. पिछले तीन दशकों में मैंने अपने परिवार में कज़िन से शादी का एक भी मामला नहीं देखा है. यहां तक कि मेरे माता-पिता ने भी अपनी पीढ़ी में ऐसी शादियां होते नहीं देखी हैं.
हां, इस्लाम में कज़िन से शादी की इजाजत है और यही एक वजह है कि कुछ मुस्लिम समुदायों में यह प्रथा ज्यादा देखने को मिल सकती है. लेकिन कज़िन से शादी दुनिया के दूसरे समाजों और देशों में भी होती है.
भारत में कौन अपने कज़िन से शादी कर रहा है?
कज़िन से शादी का यूं मजाक उड़ाना दिखाता है कि लोग अपने आसपास के सीमित दायरे से बाहर के लोगों और उनकी परंपराओं के बारे में कितना कम जानते हैं.
भारत के हिंदू समुदायों में भी कुछ क्षेत्रीय और सांस्कृतिक परंपराओं के तहत कज़िन से शादी होती रही है. दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों के कई समुदायों में पहले से ही चचेरे-ममेरे भाई-बहनों के बीच शादी का चलन रहा है.
2019-21 के राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के मुताबिक, 15 से 49 साल की उम्र की उन हिंदू महिलाओं में से 7.3 फीसदी ने अपने फर्स्ट कज़िन से शादी की थी, जिनकी शादी हो चुकी है. वहीं, मुस्लिम महिलाओं में यह आंकड़ा 12.1 फीसदी था. यानी हां, मुस्लिम महिलाओं में यह चलन थोड़ा ज्यादा है. लेकिन सर्वे में शामिल करीब 10 में से 9 मुस्लिम महिलाओं ने अपने फर्स्ट कज़िन के अलावा किसी दूसरे व्यक्ति से शादी की थी. तो फिर सभी मुसलमानों को लेकर ऐसी धारणा बनाने का तथ्यात्मक आधार क्या है?
इस मामले में अलग-अलग राज्यों में काफी अंतर भी है. खून के रिश्ते में शादी का आंकड़ा तमिलनाडु में 28 फीसदी, कर्नाटक में 27 फीसदी और आंध्र प्रदेश में 26 फीसदी है. वहीं, सिक्किम में यह सबसे कम 0.5 फीसदी है.
कई समुदायों में कज़िन से शादी को सामाजिक रूप से गलत माना जाता है, क्योंकि उन्हें भाई-बहन जैसा ही समझा जाता है. इसके अलावा, फर्स्ट कज़िन से पैदा होने वाले बच्चों में कुछ आनुवंशिक बीमारियां होने का खतरा भी ज्यादा रहता है. लेकिन कुछ दूसरे समुदायों में ऐसी शादियां परंपरा का हिस्सा रही हैं. ऐसी रिश्तेदारी को मजबूत करने और संपत्ति को परिवार के भीतर ही बनाए रखने के लिए किया जाता रहा है. यह ऐसी बात नहीं है जिस पर इशारों में या आंख मारकर मजाक किया जाए. हमें समझना होगा कि सांस्कृतिक अंतर किसी का मजाक उड़ाने का न्योता नहीं होते.
लोग किसी एक प्रथा को उठाते हैं, उसे किसी धर्म से जोड़ देते हैं और फिर उस समुदाय के हर घर की पहचान उसी प्रथा को मानने लगते हैं. बॉलीवुड दशकों से ऐसा करता आया है. फिल्मों में मुसलमानों को काजल लगी आंखों वाले खलनायक, जरूरत से ज्यादा नाटकीय नवाब, उर्दू के एक खास लहजे में बोलने वाले मजाकिया सहायक किरदार, कट्टर धार्मिक व्यक्ति और बेरहम आतंकवादी के रूप में दिखाया जाता रहा है.
अब वक्त आ गया है कि मुसलमानों को लेकर इन सतही और घिसी-पिटी धारणाओं से आगे बढ़ा जाए. और अगर आपको लगता है कि हर मुस्लिम परिवार में कज़िन से शादी ही होती है, तो शायद आपको और मुसलमानों से मिलना चाहिए, मुस्लिम दोस्त बनाने चाहिए और अपने उस सीमित सामाजिक दायरे से बाहर निकलना चाहिए, जो किसी पूरे समुदाय के बारे में आपकी सोच बनाता है.
विचार निजी हैं.
(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी मनुस्मृति और पितृसत्ता को चुनौती दे रहे हैं. यह एक नई राजनीतिक भाषा है